Betul news: अद्भुत कारीगरी से सजी महाकाल की भव्य प्रतिमा, दर्शन करने प्रतिदिन पहुंच रहें हजारों श्रद्धालु
मूर्तिकार सुनील प्रजापति द्वारा तैयार की गई प्रतिमा का प्रतिदिन हो रहा दिव्य श्रृंगार

बैतूल। बैतूल के गाड़ाघाट में इस नवरात्रि पर महाकाल समिति के नेतृत्व में स्थापित की गई बाबा महाकाल जी महाराज की भव्य और विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र बन गई है। मूर्तिकार सुनील प्रजापति द्वारा तैयार की गई यह प्रतिमा पवित्र नदियों और तीर्थ स्थलों की माटी से बनाई गई है, जो हर दिन अलग-अलग स्वरूपों में सजी-धजी नजर आती है। सुनील प्रजापति ने इस प्रतिमा का प्रतिदिन सिंगार करते हुए हजारों भक्तों का ध्यान खींचा है। उनकी निपुण कारीगरी और धार्मिक योगदान की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।
सुनील प्रजापति द्वारा बनाई गई महाकाल प्रतिमा को देखने के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। पिछली बार भी बैतूल में महाकाल समिति ने महाकाल जी महाराज की प्रतिमा का निर्माण कराया था, जिसे उज्जैन की पवित्र माटी और माता शिप्रा के जल से बनाया गया था। इस बार भक्तों की मांग पर फिर से सुनील प्रजापति ने अद्भुत अलौकिक प्रतिमा का निर्माण किया। पवित्र नदियों और धार्मिक तीर्थस्थलों की माटी से बनी इस प्रतिमा की भव्यता और दिव्यता से बैतूल में एक नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत हो गई है। नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु रोजाना दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
सुनील प्रजापति, जिले में अपनी कला के लिए प्रसिद्ध हैं, उन्होंने महाकाल की प्रतिमा के निर्माण में हर बार एक नया आयाम जोड़ा है। श्रावण मास में भी उन्होंने महाकाल के विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगार कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया था। इस बार भी, उनकी कला से सजी यह महाकाल की प्रतिमा भक्तों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस भव्य आयोजन से बैतूल जिले में धार्मिक आस्था की एक नई लहर उठी है, और इस नई परंपरा की चारों ओर चर्चा हो रही है।




