Breaking News Betul : जांघ पर सुसाइड नोट लिखने के लिए क्यों मजबूर हुई नवविवाहिता, पिता बोले हत्या हुई है
पति, सास, ननद और जेठ करते थे दहेज के लिए हर दिन मारपीट

Breaking News Betul : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पांच माह पहले ब्याही गई नव विवाहिता ने जांघ पर सुसाइड नोट लिखकर अपने साथ हो रही अमानवीयता की हकीकत बयां कर अपनी जान दे दी।नव विवाहिता के पिता ने बेटी की ससुराल के लोगों के द्वारा हत्या करने का आरोप लगाते हुए दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की है।
यह घटना बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में ग्राम बासन्या की है। गांव के मंगरिया गाठे की 19 वर्षीय पत्नी शिवानी ने दहेज प्रताड़ना के कारण हर दिन होने वाली मारपीट से तंग आकर फांसी लगा ली। मृतिका ने अपनी जांघ पर पेन से सुसाइड नोट लिखा है जिसमें पति, सास, ननद और जेठ पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शनिवार रात्रि में ससुराल के लोग उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।बोरदेही थाने में मर्ग कायम करने के बाद एसडीओपी मुलताई के द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।
सुसाइड नोट में मृतिका शिवानी ने अपने पिता के लिए भी संदेश लिखा है। उसने लिखा है कि सारी पापा , मैं हार गई।लव यू पापा।
बोरदेही थाना प्रभारी रामकुमार मीणा ने बताया कि ग्राम बासन्या निवासी मंगरिया ने पांच माह पहले शिवानी से विवाह किया था।शनिवार रात्रि में बोरदेही के अस्पताल से नव विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।मायके वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के कारण ससुराल के लोगों द्वारा मारपीट का शिकार बनाया जा रहा था।मृतिका ने आत्महत्या करने के पहले अपने पैर की जांघ पर सुसाइड नोट लिखा है ,जिसमें अपनी मौत का कारण पति,ननद, जेठ और सास को बताया है।
मृतिका के पिता राजकुमार पंडोले ने बताया कि शनिवार शाम को बेटी ने मुझे फोन किया था कि पापा आओ, मेरे को बचा लो क्योंकि मेरे को बहुत मार रहे हैं। मैं बेटी के ससुराल जा रहा था तब तक बेटी गांव में नाले के पास आ गई थी। मैं उसे बाइक से ला रहा था लेकिन गांव के लोगों और ससुराल के लोगों ने समझाइश देकर कहा कि हमारे गांव का मामला है और हम सुलझा लेंगे।इस कारण से मैं बेटी को छाेड़कर घर लौटने लगा। बीच रास्ते में मुझे फोन पर बताया गया कि बेटी ने फांसी लगा ली है।राजकुमार ने आरोप लगाया है कि मेरी बेटी ने फांसी नहीं लगाई है बल्कि उसकी हत्या की गई है।




