Lakhpati Didi campaign : MP के बैतूल में 5000 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की पहल

कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली तीन प्रमुख गतिविधियाें के संबंध में दिया जा रहा प्रशिक्षण

Lakhpati Didi campaign : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आजीविका मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूहों की 5000 दीदियों को इस वित्तीय वर्ष में लखपति बनाने की तैयारी की जा रही है। प्रथम चरण में प्रत्येक विकासखंड से 500 स्व-सहायता समूह सदस्यों का चयन किया गया है, इस प्रकार कुल मिलाकर जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्र से 5000 दीदियाें का का चयन किया गया है। कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में भारत सरकार के महत्वाकांक्षी लखपति दीदी अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत की गई है।

प्रथम चरण में प्रत्येक विकासखंड से 500 स्व-सहायता समूह सदस्यों का चयन किया गया है। इस प्रकार कुल मिलाकर जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्र से 5000 दीदियाें का चयन किया गया है। इन दीदियों को कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली तीन प्रमुख गतिविधियाें जिनमें बैकयार्ड मुर्गीपालन, बैकयार्ड बकरीपालन और मल्टीलेयर सब्जी उत्पादन शामिल हैं। इन सभी दीदियों को इन कार्याें में प्रशिक्षित कर उनका क्रियान्वयन प्रारंभ कर दिया गया है। कम लागत में स्थापित होने के साथ-साथ यह गतिविधियां ऐसी हैं जो दीदियों की जीवनशैली के अनुकूल है, इन्हें खुद के घर के प्रांगण में क्रियान्वित किया जा सकता है, एवं इनसे प्राप्त उत्पाद का बाजार भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है।

प्रदान संस्थान के साथ मिलकर बैकयार्ड मुर्गीपालन एवं मल्टीलेयर सब्जी उत्पादन हेतु मात्र बीस हज़ार रुपये, एवं बैकयार्ड बकरीपालन हेतु मात्र ग्यारह हज़ार रुपये के निवेश के बिज़नेस माडल विकसित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि दीदियों को प्रोत्साहित करने हेतु इस निवेश राशि की लगभग 75 प्रतिशत राशि समूह के माध्यम से दीदियों को ऋण पर दी जाएगी।

इन 5000 दीदियों को तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदाय करने हेतु 160 कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन्स (सीआरपी) का उपयोग किया जा रहा है। हाल ही में इन सभी सीआरपी का सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र घोडाडोंगरी एवं सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र भैसदेही में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसके उपरांत इनके द्वारा अपने क्षेत्र के अधीन दीदियों से संपर्क करना प्रारंभ कर दिया है। जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने बताया कि जिला कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में भारत सरकार के महत्वाकांक्षी लखपति दीदी अभियान के प्रथम चरण में माह नवंबर से चिन्हित दीदियों द्वारा गतिविधियों को सुचारु रूप से प्रारंभ कर दिया जाएगा। इन गितिविधियों से प्राप्त होने वाली आय से यह जल्द लखपति दीदी के रूप में खुद को स्थापित कर पाएंगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button