Bank Employee Flow : पिकनिक मनाने गए थे नौ बैंककर्मी, रपटा पार करते समय तीन बहे, दो बचे, एक की तलाश जारी

Bank Employee Flow :बैतूल। जिले के सारनी थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम बाकुड़ के पास पिकनिक मनाने के लिए गए स्टेट बैंक के तीन कर्मचारी रपटा पार करते समय नाले में आई बाढ़ में बह गए। दो तो तैरकर बाहर आ गए लेकिन एक का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस एवं एसडीईआरएफ की टीम तलाश कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बैतूल जिले के सारनी, पाथाखेड़ा, बगडोना के स्टेट बैंक में कार्य करने वाले नौ कर्मचारी रविवार को पिकनिक मनाने के लिए सारनी के समीप बाकुड़ गांव में गए थे।
नाले के किनारे जंगल में पिकनिक मनाने के बाद अचानक तेज वर्षा होने से वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी नाले में तेज पानी आ गया और पैदल रपटा पार करने के दौरान विशाल गुप्ता, प्रवीण प्रसाद एवं रिषभ वाघमारे नाले में बह गए। इनमें से विशाल एवं प्रवीण तो तैसे-तैसे बाहर निकलकर आ गए लेकिन रिषभ का पता नहीं चल पाया। रिषभ स्टेट बैंक की शोभापुर शाखा में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है।
पिकनिक मनाने गए सत्येंद्र विसंद्रे ने बताया कि हम सभी नौ साथी पिकनिक मनाने के लिए बाकुड़ गांव के पास नाले के किनारे पहाड़ी पर गए थे। शाम करीब 4.30 बजे तेज वर्षा हाेने लगी तो सभी नाले के रपटे से दूसरी ओर अपनी कार तक जाने लगे। नाले में पानी का बहाव अचानक तेज होने से सभी एक दूसरे का हाथ पकड़कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान तीन साथी बाढ़ के साथ नाले में बह गए। इनमें से दो तो बाहर आ गए लेकिन रिषभ का पता नहीं चल पाया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और उसकी तलाश की जा रही है।
सारनी टीआई अरविंद कुमरे ने बताया कि बाकुड की कोल नदी और पहाड़ी क्षेत्र में 10 लोग पिकनिक मनाने गए थे। रविवार शाम को हुई बारिश के बाद आई बाढ़ में तीन लोग बह गए थे। दो लोग निकल गए। ऋषभ वाघमारे की सर्चिंग चल रही है। क्लारीब डेढ़ किलोमीटर नदी में सर्चिंग कर ली है। अभी तक पता नहीं चला है। सर्चिंग जारी है। अंधेरा और बारिश की वजह से सर्चिंग में दिक्कतें आ रही है।




