बड़ा हादसा: नागपुर- बैतूल फोरलेन पर दो कार टकराईं, सात घायल, बाइक सवार भी चपेट में आए
बैतूल-नागपुर फोरलेन पर बिरूल चौराहे के पास हुई गंभीर भिड़ंत

बड़ा हादसा: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नागपुर-बैतूल फोरलेन पर रक्षाबंधन के दिन दो कार की आपस में टक्कर हो गई। इससे कार में सवार सात लोग घायल हो गए जबकि बाइक सवार भी दुर्घटना का शिकार हो गया। गंभीर हादसा सोमवार को दोपहर में मुलताई के समीप फोरलेन मार्ग पर बिरूल बाजार चौराहे पर हुआ है। दो कारों की भिड़ंत में सात लोगों के घायल होने पर निजी अस्पताल में भर्ती किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर में फोरलेन पर बिरूल बाजार की ओर से एक कार हाईवे पर आ रही थी। दूसरी कार बैतूल की ओर से नागपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बिरूल बाजार चौराहे पर दोनों कारों की भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में गौतम भूमरकर, पूर्णिमा भूमरकर, हीरामन यादव, रियाज खान, मजीद खान, हाजी रफीक खान तथा कल्पना यादव घायल हो गए। कारों की टक्कर के दौरान हाइवे से गुजर रहे बाईक सवार भी चपेट में आ गए। उन्हें भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है।




