Accident News : बैतूल-इंदौर हाइवे पर दो दोस्तों की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत, पल्सर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Accident News : बैतूल। मध्यप्रदेश में बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैतूल जिले के ग्राम महदगांव के समीप रविवार देर रात्रि में अज्ञात वाहन की टक्कर से पल्सर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस को मौके पर एक ट्रक की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली है। इसी आधार पर ट्रक की तलाश की जा रही है। पल्सर सवार बैतूल से ग्राम प्रभुढाना जा रहे थे तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पल्सर से प्रभुढाना निवासी अभिषेक पिता शेषराव आलोकार (28) एवं रोहित पिता राम येवले (23) बैतूल की ओर से अपने घर जा रहे थे।अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक समेत दोनों उछलकर कई फीट दूर जाकर गिरे। गंभीर चोट आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब तीन बजे वाहन चालक ने दुर्घटना की जानकारी खेड़ी सांवलीगढ़ के पास ढाबे के संचालक को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
दुर्घटना में मृत हुआ अभिषेक भोपाल में नाट्य कला अकादमी में अभिनय के अलावा थिएटर आर्ट करता था।उसके पिता चांदू की सहकारी समिति में सेल्समेन के पद पर कार्यरत हैं। मृतक 23 वर्षीय रोहित बैतूल में एक व्यापारी का वाहन चलाने का काम करता था।उसकी एक ही बहन है जो राखी बांधने के लिए अपने ससुराल से रविवार को ही प्रभुढाना आ गई थी। रात्रि में दुर्घटना में इकलौते भाई की मौत हो गई।
पुलिस को दुर्घटना स्थल पर वाहन की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली है जिस पर एमपी 09 एचआईएल 5916 नंबर लिखा हुआ पाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि इसी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी है। पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर एवं टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




