Gupta Mall Seal : बैतूल का गुप्ता माल सील: बेसमेंट में पार्किंग के बजाय चल रही थी दुकान

Gupta Mall Seal : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल नगर में गुप्ता माल को नपा और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फायर सेफ्टी आडिट न होने और बेसमेंट का पार्किंग के बजाय व्यवसायिक उपयोग करने पर सोमवार शाम को सील कर दिया है। नगर की प्रमुख सड़कों पर जाम लगने की समस्या का प्रमुख कारण बड़े शापिंग माल, दुकानों और होटलों में पार्किंग स्थलों का उपयोग न करना पाया गया है। इसे देखते हुए अब प्रशासन और पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है

।नगर के गंज क्षेत्र में संचालित किए जा रहे गुप्ता माल में सड़क किनारे तक सामग्री फैला दी जाती थी जिससे आवागमन खासा प्रभावित हो रहा था। नगर पालिका से भवन निर्माण की अनुमति प्राप्त करने के दौरान बेसमेंट में पार्किंग की जगह चिन्हित की गई थी। नगर पालिका, राजस्व और पुलिस की टीम सोमवार शाम को जब गुप्ता शापिंग माल में पहुंची तो बेसमेंट में दुकान का संचालन होता पाया गया। माल के संचालक से अग्नि सुरक्षा के उपायों के संबंध में जानकारी ली गई।

संचालक के पास शापिंग माल में अग्नि सुरक्षा के उपाय अपर्याप्त पाए गए । इसके साथ ही एनओसी भी नहीं पाई गई। नपा और प्रशासन की टीम ने माल को सील करने की कार्रवाई कर दी है। इस कार्रवाई से नगर के गंज और कोठीबाजार क्षेत्र में स्थित शापिंग माल, बड़े प्रतिष्ठानों और होटलों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।

नगर पालिका के सहायक यंत्री नीरज धुर्वे ने बताया कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर में 49 लोगों को अग्नि सुरक्षा के उपाय करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। गुप्ता माल के संचालक को भी नोटिस जारी किया गया था। मौके पर फायर एनओसी का उल्लंघन पाया गया है। गुप्ता माल में पार्किंग का स्थान बेसमेंट में निर्धारित किया गया था। मौके पर निरीक्षण किया गया तो पाया कि बेसमेंट में दुकान का संचालन किया जा रहा था। शापिंग माल के संचालक ने फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं लिया है। इन अनियमितताओं को लेकर माल को सील करने की कार्रवाई कर दी गई है।

यातायात व्यवस्था सुधारने कड़ी कार्रवाई :

नगर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के द्वारा कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस के द्वारा बेसमेंट का अन्य कार्य में उपयोग करने वालों को नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके बाद भी व्यापारियों के द्वारा बेसमेंट में पार्किंग प्रारंभ नहीं की गई।प्रशासन ने अब कठोर कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।गंज क्षेत्र में ही कई होटलों, किराना दुकानों और कपड़े की दुकानों में फायर सेफ्टी नही है। कई दुकानों के पास नगर पालिका से स्वीकृत नक्शे में पार्किंग के लिए बेसमेंट दिखाया तो गया है लेकिन उसका उपयोग दुकान के लिए किया जा रहा है। ऐसी दुकानों को चिन्हित कर पार्किंग के लिए जगह निकाली जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button