Tribal youth selected in ‘Kaun Banega Crorepati’असाड़ी के बंटी वाडीवा 9 साल के संघर्ष के बाद पहुंचे केबीसी, 5 अगस्त को खेलेंगे ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’
बैतूल के आदिवासी युवक का 'कौन बनेगा करोड़पति' में चयन, गांव में खुशी की लहर

बैतूल। छोटे से गांव असाड़ी के आदिवासी युवक बंटी वाडीवा का चयन सोनी टीवी के प्रसिद्ध कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के लिए हुआ है। रविवार को केबीसी टीम ने गांव पहुंचकर बंटी की प्रोफाइल शूट की। 27 वर्षीय बंटी बीसीए के छात्र रहे हैं और पिछले 9 साल से केबीसी में जाने का प्रयास कर रहे थे। अब 5 अगस्त को उन्हें मुंबई बुलाया गया है जहां वे ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ खेलेंगे।
बंटी गांव में रहते हुए आदिवासी आश्रम की प्रायमरी कक्षा के छात्रों को पढ़ाते हैं। उनके पिता गुलबू वाडीवा एक छोटे किसान हैं। सोनी चैनल ने बंटी और उनके पिता के लिए नागपुर से मुंबई का हवाई जहाज का टिकट भी कराया है। बंटी ने ‘फोन ए फ्रेंड’ के लिए अपने गांव के युवक जुगल किशोर बाघमारे का नाम दिया है जो एमपीपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। बंटी के इस चयन पर उनके पिता गुलबू वाडीवा बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अब अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठेगा। बंटी के मुताबिक, वह 9 साल से लगातार इस शो में जाने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीण कैलाश शुक्ला ने बताया कि बंटी बेहद लगनशील युवक हैं और 9 साल से केबीसी में जाने के लिए फोन पर हल किए जाने वाले प्रश्न हल करते आ रहे थे। इस बार सबसे पहले सवाल हल करने पर उनका चयन हो गया। अब वे मुंबई जाकर अन्य प्रतिभागियों के साथ ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ खेलेंगे। इसमें चयनित होने पर उन्हें हॉट सीट पर बैठने का मौका मिलेगा। बंटी गांव से एक किमी दूर भिल्वा बर्रा नाम की जगह में बने छोटे से मकान में अपने माता-पिता के साथ रहते हैं और खेती में भी मदद करते हैं। उनके पिता के पास मात्र 2 एकड़ जमीन है जिससे परिवार का गुजारा चलता है।




