Demand to get the dilapidated gravel road constructed soon: पूर्व कलेक्टर ने रोंढा ग्राम की समस्याओं पर कलेक्टर से की सौजन्य भेंट
रोंढा से ग्राम सावंगा के बीच का जर्जर ग्रेवल मार्ग शीघ्र बनवाने की मांग

बैतूल। पूर्व कलेक्टर प्रदीप कुमार कालभोर ने अपने ग्रह ग्राम रोंढा की समस्याओं को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने ग्राम रोंढा से सावंगा को जोड़ने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति और अन्य समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया। प्रदीप कुमार कालभोर ने कलेक्टर को बताया कि ग्राम रोंढा से ग्राम सावंगा के बीच का ग्रेवल मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में है। यह मार्ग पिछले 15 वर्षों से इस अवस्था में है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस मार्ग को प्राथमिकता देकर शीघ्र बनवाने का निवेदन किया।
इसके साथ ही, कालभोर ने रोड़ा से खड़ला मार्ग की मरम्मत की भी मांग की। उन्होंने बताया कि इस मार्ग की मरम्मत से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
— खेत पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या–
कालभोर ने ग्राम रोंढा में खेत पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सरकारी कुंए से राधेलाल डोंगरदिये के खेत की ओर जाने वाला रास्ता अतिक्रमण के कारण संकरा हो गया है, जिससे किसानों को कृषि संलग्न कार्यों में असुविधा हो रही है। यह समस्या पिछले 7-8 वर्षों से बनी हुई है, जिससे किसानों को आवागमन, अनाज परिवहन और जानवरों को लाने ले जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
— पूर्व में की गई शिकायतें–
प्रदीप कुमार कालभोर ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने पूर्व में कई बार शिकायतें दर्ज कराई हैं। 13 जून 2016 को तहसीलदार, 21 जून 2016 को जनसुनवाई, 5 जनवरी 2016 को विधायक, 5 जून 2016 को कलेक्टर, और 29 मई 2018 को भी निवेदन किया गया था।
पूर्व कलेक्टर प्रदीप कुमार कालभोर ने कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से निवेदन किया है कि इस अतिक्रमित मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कर मुरमीकरण किया जाए, ताकि कृषकजनों को इस समस्या से निजात मिल सके। कलेक्टर ने इस समस्या को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया है।




