PM Shree Air Ambulance Service: प्रदेश के सभी जिलों में आपातकालीन इलाज के लिए मिलेगी पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा 

बैतूल। प्रदेश में गंभीर मरीजों और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों के लिए एक नई उम्मीद की किरण के रूप में पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है। इस सेवा का संचालन म.प्र. लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा, जिसका उद्देश्य त्वरित और विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रविकांत उइके ने बताया कि यह सेवा प्रदेश के सभी जिलों में नागरिकों की सेवा के लिए तैनात होगी। भोपाल स्थित कमांड सेंटर से संचालित इस सेवा का समन्वय 108 एम्बुलेंस कॉल सेंटर से रहेगा। 108 एम्बुलेंस सेवा पात्रतानुसार पीड़ित को एयरपोर्ट, हवाई पट्टी या हेलीपैड तक ले जाने में मदद करेगी।

— जल्द मिलेगी इलाज की सुविधा–

उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं में त्वरित हवाई परिवहन के लिए जिला कलेक्टर की अनुशंसा पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा। यदि मरीज को संभाग के बाहर इलाज की आवश्यकता होगी, तो स्वास्थ्य आयुक्त की अनुमति आवश्यक होगी। आयुष्मान कार्डधारकों को राज्य के भीतर और बाहर सभी शासकीय एवं आयुष्मान संबद्ध अस्पतालों में मुफ्त हवाई परिवहन की सुविधा मिलेगी।

— दुर्घटनाओं में मिलेगा मुफ्त परिवहन–

सड़क और औद्योगिक दुर्घटनाओं अथवा प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ितों को राज्य के भीतर और बाहर नि:शुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। अन्य मरीजों के लिए अनुबंधित दरों पर हवाई परिवहन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें हेली एम्बुलेंस का शुल्क रु. 194500/- प्रति फ्लाइंग ऑवर और फिक्स्ड विंग एयरप्लेन का शुल्क रु. 178900/- प्रति फ्लाइंग ऑवर होगा।

— बीमा और सुरक्षा का प्रावधान–

पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के अंतर्गत हवाई परिवहन के दौरान सेवा प्रदाता द्वारा रोगियों के लिए रु. 50 लाख का दुर्घटना बीमा, थर्ड पार्टी पर्सन के लिए रु. 25 लाख और थर्ड पार्टी डेमेजस के लिए रु. 25 लाख का बीमा प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button