Betul news: शहर के विभिन्न हिस्सों से हटवाए गए अतिक्रमणकारियों को अभिनंदन सरोवर के पीछे शिफ्ट कर रही नपा

नए अतिक्रमणकारी भी यहां आकर बस गए, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं


बैतूल। अभिनंदन सरोवर के पीछे की 1 लाख वर्गफीट जमीन पर नगरपालिका (नपा) ने शहर के विभिन्न हिस्सों से हटवाए गए अतिक्रमणकारियों को जगह दी है। इससे यहां गुमठियों की संख्या बढ़ रही है। इस जमीन पर मूर्तिकारों को हमलापुर में शिफ्ट करने की योजना है, लेकिन मूर्तिकारों ने इसका विरोध किया है। सोमवार को मूर्तिकार गणेश जी की मूर्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
नपा ने इस जमीन पर साप्ताहिक सब्जी बाजार लगाने और मिनी सिटी बनाने समेत चार योजनाएं बनाई थीं। लेकिन बाजार के लिए जगह पर्याप्त न होने और मिनी सिटी को मंजूरी न मिलने के कारण दोनों प्रोजेक्ट रद्द हो गए। वर्तमान में इस जमीन पर 70 से अधिक गुमठियों में वेल्डिंग, हेयर कटिंग सेलून और वाहन रिपेयरिंग जैसे काम शुरू हो चुके हैं। भविष्य में यहां 300 दुकानों वाला छोटा व्यवसायिक केंद्र बनाना मुश्किल हो जाएगा। साप्ताहिक बाजार लगाने की फरवरी 2020 की योजना भी विफल रही। अभिनंदन सरोवर के पीछे की जमीन पर नपा ने सड़क किनारे से हटाए गए अतिक्रमणकारियों की गुमठियों को रखना शुरू किया था। लेकिन कई नए दुकानदार भी यहां आकर बस गए हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नपा का पहला मिनी सिटी प्रोजेक्ट भी 2018 में समय सीमा खत्म होने के कारण नहीं हो पाया।वर्तमान में 30 मूर्तिकारों के पंडाल यहां हैं, जहां वे गणेश उत्सव और दुर्गा उत्सव के लिए प्रतिमाएं बनाते हैं। नपा ने मूर्तिकारों को हमलापुर में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन मूर्तिकार तैयार नहीं हुए और विरोध जताया। मूर्तिकारों का कहना है कि उन्हें फिलहाल अभिनंदन सरोवर के पीछे ही रहने दिया जाए। सोमवार को सुनील प्रजापति समेत अन्य मूर्तिकारों ने एसडीएम कार्यालय और कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने अपनी दुकानें नहीं हटवाने और अभिनंदन सरोवर के पीछे ही रहने देने की मांग की है।
नपा के प्रभारी सीएमओ ब्रजगोपाल परते ने बताया, मूर्तिकारों को हमलापुर में बारूदखाना के समीप की जमीन पर शिफ्ट किया जा रहा है। लेकिन वे तैयार नहीं हैं। इस जमीन पर हटवाए गए अतिक्रमणकारियों की गुमठियों को रखवाना जरूरी है। साप्ताहिक सब्जी बाजार यहां नहीं लग सकता, क्योंकि इसके लिए जमीन पर्याप्त नहीं है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button