Betul news: अपनी ही जमीन पर नहीं मिल रहा है कब्जा, पांच साल से दर-दर भटक रहा गरीब परिवार

दबंगों के आतंक से भयभीत परिवार ने कलेक्टर से लगाई गुहार, आत्महत्या की दी चेतावनी

बैतूल। जिले के चिचोली ब्लॉक से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक गरीब परिवार अपनी ही जमीन पर कब्जा पाने के लिए पांच साल से दर-दर भटक रहा है। दबंगों के आतंक और मारपीट से भयभीत इस परिवार ने अब कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि उन्हें जल्द ही न्याय नहीं मिला तो वे परिवार सहित आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएंगे।

— जमीन पर दबंगों का कब्जा–

दरअसल, ग्राम अजई थाना चिचोली के निवासी साहबलाल यादव ने बैतूल के पूर्व विधायक अलकेश आर्य से जमीन खरीदी थी। जमीन के सारे कानूनी कागजात साहबलाल यादव के पास मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी ही जमीन पर कदम नहीं रख पा रहे हैं। हर बार कब्जा लेने की कोशिश करने पर दबंगों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को मारपीट कर भगा दिया जाता है। यह स्थिति अत्यंत दुखद है और स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

— पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता–

साहबलाल यादव ने मामले की शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासन से की है, लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। दबंगों द्वारा पीड़ित परिवार को बार-बार धमकाया और पीटा जाता है, बावजूद इसके पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस मामले को लेकर कई बार जनसुनवाई में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।

— आत्महत्या की धमकी–

पीड़ित परिवार ने अब आत्महत्या की धमकी दी है। उनका कहना है कि अगर उनकी जमीन उन्हें नहीं मिली तो वे परिवार सहित आत्महत्या कर लेंगे। गौरतलब है दबंगों के आतंक और प्रशासन की निष्क्रियता से पीड़ित इस परिवार को न्याय मिलना अत्यंत आवश्यक है। यह स्थिति प्रशासन के लिए शर्मनाक है। अब देखना यह है कि जिले के उच्च अधिकारी, एसपी और कलेक्टर इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाते हैं या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button