Collector suddenly arrived for inspection: अचानक मंडी पहुंचे कलेक्टर गंदगी देखकर भड़के
मंडी में निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

बैतूल। शनिवार को बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने अचानक कृषि उपज मंडी बडोरा का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में गंदगी का अंबार देखकर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी में किसानों की समस्याओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के आदेश दिए।
कलेक्टर ने मंडी सचिव को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले सप्ताह वे दोबारा मंडी का निरीक्षण करेंगे। तब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जानी चाहिए। इसके अलावा, कलेक्टर ने यहां चल रहे निर्माण कार्यों का भी मुआयना किया और इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की जांच के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सूर्यवंशी ने मंडी परिसर में चल रही गेहूं तथा चने की नीलामी में भाग लिया और किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने शिकायत की कि उन्हें उपज का भुगतान नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत भुगतान करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने मंडी परिसर में उपज बेचने आए किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई और मंडी सचिव को हर शेड में बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था तथा वेटिंग एरिया बनाए जाने के निर्देश दिए।




