Chance of heavy rain in Betul toda: बैतूल में आज तेज बारिश की संभावना, किसानों को मिल सकती है राहत
आज दोपहर से भारी बारिश का पूर्वानुमान, तापमान में गिरावट और राहत की उम्मीद

बैतूल। जिले में आज आसमान पर बादलों का डेरा और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन चढ़ते ही हल्की बौछारें पड़ने और दोपहर में तेज बारिश का अनुमान है। इस मानसूनी मौसम में अब तक 5.8 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो कि पिछले साल की तुलना में बेहतर स्थिति को दर्शाती है।
आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बारिश की संभावना 90 से 100 फीसदी है। अनुमान है कि करीब 2 बजे गरज-चमक के साथ 2.5 एमएम वर्षा हो सकती है। इस दौरान आद्रता भी 85 फीसदी रहने की संभावना है, जबकि सुबह से इसका स्तर 87 प्रतिशत बना हुआ है। बादलों के छाने और मौसम में आई नमी से तापमान 5 डिग्री गिरकर अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना 50 फीसदी तक कम हो सकती है।
मानसून की स्थिति
जिले में मानसून ने भले ही देर से दस्तक दी हो, लेकिन इस साल बारिश की स्थिति पिछले साल की तुलना में बेहतर है। जिले में अब तक 149.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो कि पिछले साल के 55.5 मिमी औसत बारिश से काफी अधिक है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अभी भी सूखे के हालात बने हुए हैं।
पिछली सालों की बारिश
पिछले साल 2023 में जिले में औसत से अधिक 1108 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि मानसून की पहली फुहारे 23 जून को पड़ी थी। 2022 में भी जिले में 1420.8 एमएम बारिश हुई थी, जो कि रिकॉर्ड स्तर पर थी। इसके पहले 2020 में मानसूनी बारिश 2 जून से शुरू हुई थी और 939.4 एमएम रही थी। 2021 में यह मात्रा 841.6 एमएम तक रही थी।
किसानों की स्थिति
हालांकि बारिश के आंकड़े बेहतर हैं, लेकिन कुछ ब्लॉकों में बारिश की कमी के कारण किसानों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाया है। यदि मौसम का मिजाज ऐसा ही रहता है तो बारिश और गर्मी से अंकुरण में परेशानी हो सकती है। बैतूल में आज की बारिश और मौसम के बदलाव से किसानों को उम्मीद है कि उनके खेतों में पर्याप्त नमी आएगी और खेती के लिए परिस्थितियां बेहतर होंगी। जिले में अब तक हुई बारिश ने राहत की उम्मीद जरूर जगाई है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी और बारिश की जरूरत है।




