Corruption at its peak in Hatnora Panchayat: पहली बारिश में बह गया 8 लाख का स्टाप डेम, हतनोरा पंचायत में भ्रष्टाचार चरम पर!
ग्रामीणों ने पंचायत पर उठाए सवाल, जनसुनवाई में की शिकायत

Corruption बैतूल। जिले की ग्राम पंचायत हतनोरा में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा देखने को मिली जब पंचायत द्वारा 8 लाख की लागत से बनाया गया स्टाप डेम पहली बारिश में ही बह गया। ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई। बताया गया कि स्टाप डेम का निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा खसरा नंबर 48 पर किया गया था, जिसकी लागत 7 लाख 33 हजार थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस डेम का निर्माण बेहद घटिया सामग्री से किया गया, जिसके चलते यह पहली ही बारिश में बह गया। ग्रामीणों ने पंचायत के अन्य कार्यों पर भी सवाल उठाए, जिसमें शाला भवन मरम्मत के लिए प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत दी गई 1 लाख 28 हजार की राशि का भी सही उपयोग नहीं हुआ है। इस योजना के तहत भवन की मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन आज तक भवन में कोई मरम्मत नहीं की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में हो रहे अन्य कार्यों में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। सभी निर्माण कार्यों में भारी कमीशनखोरी और घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण रघुनाथ, बृजलाल, अजय, कुलदीप, संजय, रजत रघुवंशी, जगदीश सोनी और मुकेश अंगद ने अपनी शिकायत दर्ज कराई और मांग की कि इस भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर पंचायत के कामकाज की जांच नहीं हुई तो वे भविष्य में बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि भ्रष्टाचार के चलते ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। हाल ही में हुए कई निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी साफ दिखाई दे रही है। इसके चलते अब ग्रामीण खुद सामने आकर जनसुनवाई में अपनी शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं।




