Yes, I am alive: सरकारी दस्तावेज में जिन्हें मृत घोषित कर दिया उनके लिए बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा की अनूठी पहल, दिलाएंगे न्याय
बालाजीपुरम संस्थान ने शुरू किया हां..मैं जिंदा हूं..बालाजीपुरम का अभियान

Yes, I am alive: बैतूल। भारत के पांचवेधाम श्री रूकमणि बालाजी मंदिर बालाजीपुरम बैतूल में सेवा और न्याय के लिए सतत अभियान चलाए जाते हैं। अब एक नया अभियान ” हां..मैं जिंदा हूं..आरंभ किया जा रहा है।
इस संबंध में बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा ने बताया कि लंबे समय से मंदिर और अन्य जगह पर उनके सामने ऐसे मामले आते रहते हैं जिनमें लोगों को जमीन आदि कई मामलों में कागज में मृत घोषित कर दिया जाता है जबकि वो जीवित रहते हैं। ऐसे में व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित होकर खुद को जिंदा साबित करने के लिए दर-दर भटकता रहता है। ऐसा ही मुलताई का एक मामला तब सामने आया था जब मुख्यमंत्री की सभा में तथाकथित मृतक ने खुद को जिंदा होने की बात उठाई थी।
एनआरआई श्री वर्मा ने बताया कि बालाजीपुरम मंदिर में एक कार्यालय इस संबंध में खोला जा रहा है जहां ऐसे पीड़ित व्यक्तियों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बैतूल जिले या बाहर के जो भी लोग इस गलत कागजी कार्रवाई के शिकार हों वो बालाजीपुरम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
उनके आने-जाने, आवास-भोजन से लेकर वकील आदि का समस्त व्यय बालाजीपुरम संस्थान उठाएगा। साथ ही उन दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास करेगा जिनकी गलती से ये पीड़ा और अन्याय किसी व्यक्ति को सहना पड़ा है।
श्री वर्मा ने सभी भक्तों से अपील की है कि यदि उनकी जानकारी में ऐसे लोग हों तो उनकी जानकारी बालाजीपुरम कार्यालय पहुंचाने में मदद करें। इसके बाद संस्थान स्वमेव उनसे संपर्क कर आगे की कार्रवाई करेगा।




