एमपी में प्री मानसून की दस्तक: बैतूल जिले में तेज हवा और गरज–चमक के साथ झमाझम वर्षा
दिन भर तपाता रहा सूरज, शाम होते ही बदली रंगत, बादल छाए और शुरू हुई तेज वर्षा

प्री मानसून: बैतूल। मध्यप्रदेश में प्री मानसून की गतिविधि प्रारंभ हो गई हैं। मौसम विभाग ने जैसी संभावना जताई है कि इस बार मानसून समय से पहले आ जाएगा वैसा ही नजर आ रहा है।
सोमवार को दोपहर तक सूरज के तेवर तीखे रहे। आसमान से बरस रही आग से लोग हलकान रहे। तेज धूप और गर्म हवा के झोंके लोगों को झकझाेरते रहे। शाम होते ही मौसम की रंगत बदल गई। आसमान पर बादल मंडराने लगे आठ से 10 किमी प्रतिघंटे की गति से चली तेज हवा से मौसम सुहाना हो गया।
गर्मी से परेशान लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। वहीं मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिमी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्षा करने वाली मौसम प्रणालियां सक्रिय हो रही है इसके असर से बैतूल सहित संभाग के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है।
बैतूल जिले के चिचोली में शाम करीब पांच बजे रह हवा और गरज चमक के साथ वर्षा प्रारंभ हो गई। इससे आम जन जीवन खासा प्रभावित हुआ। घोड़ा डोंगरी और बैतूल में भी शाम छह बजे से वर्षा शुरू हो गई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई है।




