Sand Mafia: रेत माफिया पर कारवाई करने आधी रात निकले बैतूल कलेक्टर, लीक हुई सूचना तो रेत खाली कर डंपर ले भागे माफिया
Betul Collector came out at midnight to take action against sand mafia, when the information was leaked, the mafia emptied the sand and ran away with the dumper

Sand Mafia: बैतूल जिले में रेत माफिया की जड़ें कितनी गहरी हैं इसका प्रमाण बीती रात कलेक्टर की औचक छापामारी से मिल रहा है। जब कलेक्टर आधी रात में सड़कों पर निकले तो हर रोज की तरह रेत का परिवहन करने वाले डंपर नजर ही नही आए। अलबत्ता जगह जगह डंपर से खाली की गई रेत जरूर नजर आई।

अब कलेक्टर के औचक छापामारी की खबर लीक हो गई या लीक कर दी गई यह तो सामने नही आ पाया है पर रेत माफिया ने अवैध परिवहन जरूर बंद कर दिया और डंपरों को जगह जगह खड़ा कर दिया है। खनिज विभाग की टीम बुधवार सुबह से जगह जगह मिले रेत के भंडारों की नाप जोख करने में जुटी हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर हो रही शिकायतों पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार रात दल बल के साथ कलेक्टर ने शाहपुर ,चोपना और खैरवानी क्षेत्र में पहुंचकर अवैध खनन और परिवहन की पड़ताल की।

कलेक्टर की इस गोपनीय पड़ताल की सूचना एक बार फिर रेत माफिया तक पहुंच गई और जिसे जहां जगह मिली वहीं रेत खाली कर चालक डम्फर लेकर फरार हो गए।
कलेक्टर ने पूरे इलाके में घूम घूम कर सर्चिंग की लेकिन जगह- जगह डंप की हुई रेत के अलावा कुछ हाथ नहीं आ पाया । हाइवे के अधिकांश ढाबों के सामने रेत के ढेर पड़े हुए पाए गए हैं।




