Big Accident: बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, शादी में खाना बनाने जा रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत

Big Accident: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रविवार की रात शादी में खाना बनाने जा रहे दो युवकों की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बैतूल जिले के रानीपुर गांव के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर चोट आने से दोनों की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रानीपुर के पास बीती रात अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे बाइक पर सवार सिंगार चावड़ी थाना चिचोली निवासी संतराम पंद्राम और हरिशंकर पंद्राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को घोड़ाडोंगरी के अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मृतकों के परिजनों ने बताया कि दोनों बैतूल की ओर से सारनी किसी शादी समारोह में खाना बनाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मृतकों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपकर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।




