सावरिया नगर के माता मंदिर में आयोजित हुआ तीन दिवसीय धार्मिक उत्सव

मंदिर में माता जी, सोमेश्वर महादेव और हनुमान जी की मूर्ति स्थापित


बैतूल। सावरिया नगर में स्थित माता मंदिर ने तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर दुर्गा मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान का भी आयोजन हुआ, इस धार्मिक उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुए इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन शुक्रवार 12 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ किया गया।
आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अंतर्गत मंदिर में माता जी, सोमेश्वर महादेव और हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना की गई। समारोह को खेड़ी सावलीगढ़ वाले बलराम शर्मा पंडित द्वारा संपन्न किया गया। आयोजन में माधव सेवा समिति सांवरिया नगर सहित आसपास के सैकड़ो श्रद्धालु शामिल हुए। इस समारोह ने नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव की एक नई उर्जा को जगाया।
समिति ने बताया कि विगत 10 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया था। 11 अप्रैल को विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई अंतिम दिन शुक्रवार 12 अप्रैल को विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ो श्रद्धालु शामिल हुए व प्रसादी का लाभ लिया। आयोजन समिति ने इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं एवं सांवरिया नगर के धार्मिकजनों का आभार व्यक्त किया है। पं.बलराम शर्मा ने बताया कि धार्मिक रीति-रिवाज़ और ध्यान के साथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से धार्मिक भावनाओं में समृद्धि होती है। इस धार्मिक उत्सव ने सांवरिया नगर में आनंद और प्रसन्नता का माहौल बिखेरा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button