Betul news: पंचायत मंत्री से मिले चौकीदार सफाईकर्मी और भृत्य
10 साल की सेवा के बाद भी वेतन के नाम पर दिए जा रहे 3 हजार

Betul News: बैतूल। जिले की ग्राम पंचायतों में पदस्थ चौकीदार सफाईकर्मी और भृत्य ने प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात कर पंचायत कर्मचारी के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर विरोध जताया।
ग्राम पंचायतों के चौकीदार, भृत्य, सफाईकर्मी, नल जल कर्मचारियों ने पंचायत मंत्री को बताया कि उनकी नियुक्तियां पंचायती राज अधिनियम के नियमों के अंतर्गत की गई थी। नियुक्ति के 10 वर्ष बाद भी पंचायत में पदस्थ चौकीदार सफाईकर्मी और भृत्य को मात्र मानदेय के तौर पर 3 हजार रुपए वेतन दिया जा रहा है, जबकि सर्वोच्च न्यायालय का आदेश है कि 10 साल की सेवा के बाद सफाईकर्मी, चौकीदारों को न्यूनतम वेतनमान दिया जाए और स्वीकृत पदों पर नियमित किया जाए।
पंचायत कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का समाधान करने बार-बार जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहे। इससे पंचायत कर्मचारी निराश है। भृत्य, चौकीदार, सफाईकर्मी नल जल संघ के अध्यक्ष, सचिव सहित सभी सदस्यों द्वारा पंचायत मंत्री को ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नियुक्ति दिनांक से कर्मचारियों को 3 हजार प्रति माह की दर से वेतन दिया जा रहा है, जो आज की स्थिति में खर्च चलाने में काफी कम है।
सफाई कर्मी भृत्य चौकीदार कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम पंचायत में उपस्थित रहते हैं जिससे वह अन्य कार्य भी नहीं कर पाते हैं जिससे वह आजीविका चलाने में असमर्थ है। इन कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों में शामिल कर कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए, अंशकालीन कर्मचारियों को स्थाई कर्मचारी नियुक्त किया जाए।




