काम्प्लेक्स के 40 किराएदारों का 7 गुना बढ़ाया किराया, आक्रोश ।

आठनेर। आठनेर बैतूल रोड पर स्वयं के खर्चे पर बनाए गए काम्प्लेक्स की दुकानों का किराया अचानक 7 गुना बढ़ाए जाने पर काम्प्लेक्स के सभी 40 दुकानदारों में जोरदार आक्रोश बना हुआ है सभी व्यापारियों ने नगर परिषद कार्यालय आठनेर में मंगलवार दोपहर 12 बजे पहुंच कर इसकी शिकायत मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुभाष प्रजापति से की है।
काम्प्लेक्स के दुकानदार लखनलाल सूरे, इरशाद काजी, युवराज कनाठे, पुरुषोत्तम चौहान, रामदयाल लोखंडे, भोजराव चढोकार, दिनेश चौहान, लीलाधर ढोमने, गणेश प्रसाद गुप्ता, सब्बू खान, रशीद भाई, जाकिर भाई, हरीश सूरे आदि ने बताया कि शासन प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन की सहमति से शशि भूषण जायसवाल एवं देवी राम राठौर द्वारा कांप्लेक्स निर्माण समिति का गठन कर उनके देखरेख में स्वयं के खर्चे पर 8 बाय 8 की दुकानें तैयार की गई थी, जिसका किराया प्रतिमाह 300 रु तय किया गया था जिसके चलते गुमटियों में छोटी-मोटी दुकाने लगाकर सभी छोटे-मोटे व्यवसाय कर अपना उदर पोषण कर रहे थे। व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए बताया कि 300 से सीधे सात गुना किराया बढ़ाकर 2000 रु किए जाने से उनके सामने विषम परिस्थितिया निर्मित हो गई है सभी व्यापारियों ने नियमानुसार किराया लेने की बात की है। वही आनन फानन में नगर परिषद द्वारा 7 गुना किराया तो बढ़ा दिया गया किंतु जब बात आगे बड़ी तो नगर परिषद की सभी जगह किरकिरी होती दिखाई दे रही है।




