Mamta Music Channel: बेटी बचाने और पढ़ाने पर आधारित गाना हुआ लॉन्च
गाना सुनकर दर्शकों ने की तारीफ, समाज को मिला प्रेरणादायक संदेश

बैतूल। जिले के नवोदित कलाकारों ने समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर आधारित एक बेहद सुंदर गाना तैयार किया है। यह गाना रविवार शाम को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और लोगों के दिलों को छू गया। इसे ममता म्यूजिक चैनल पर रिलीज किया गया। सिंगर ममता उईके की आवाज और बोल ने गाने को खास बना दिया है। गाने में बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दिया गया है। ममता उईके ने इस गाने को लिखा और गाया है, जबकि संगीत और अभिनय से इसे और अधिक प्रभावशाली बनाया गया है। गाने में जिले के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसका वीडियो और निर्देशन भी दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। गाने ने मनोरंजन के साथ बेटियों के महत्व को लेकर समाज को एक सशक्त संदेश दिया है।
इस गाने के वीडियो का निर्माण रोशन सरियाम फिल्म प्रोडक्शन ने किया है। गाने में भारती उईके, शिवम मरकाम, भरत सातपुते, रेखा सातपुते ने अभिनय किया है। गाने के संगीत संयोजन में अखिलेश जैन ने अहम भूमिका निभाई है। वीडियो की ग्राफिक्स और प्रोडक्शन की जिम्मेदारी भी बेहतरीन तरीके से निभाई गई है। गाने के निर्माण और प्रमोशन में कई लोगों ने सहयोग किया। इनमें विशेष रूप से डॉ. राजा धुर्वे, डॉ. कृष्णा मौसिक, शैलेंद्र डोंगरे, राहुल, अखिलेश जैन और रोशन सरियाम का नाम शामिल है। साथ ही, सहयोगी के रूप में पुंकेश भटकरे और अन्य टीम सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गाने का मुख्य उद्देश्य बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत समाज को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। ममता उईके ने बताया कि इस गाने को बनाने का मकसद समाज में महिलाओं और बेटियों के प्रति हो रहे अपराधों की रोकथाम के लिए एक मजबूत संदेश देना है। गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आने लगीं। दर्शकों ने गाने की विषयवस्तु और ममता उईके की गायन शैली की जमकर तारीफ की। इस अवसर पर ममता उईके ने सभी सहयोगियों और प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गाना समाज के हर वर्ग के लिए एक प्रेरणा है।




