एनएचआई और बंसल पाथवेज के सहयोग से 1500 पौधे रोपित
"एक पेड़ मां के नाम" कार्यक्रम:

बैतूल। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए शुरू किए गए देशव्यापी पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आज श्रावण मास के द्वितीय सोमवार, 29 जुलाई को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) इकाई – हरदा ने चिचोली-बैतूल पैकेज-3 के चेनेज क्रमांक 101.300 किमी, गड़ा टोल प्लाजा पर लगभग 1500 छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया।
इस महत्वपूर्ण पर्यावरणीय कार्यक्रम में परियोजना निदेशक मनीष कुमार मीणा, प्रबंधक (तकनीकी) कृष्णेद्र द्विवेदी, अभियंता मयूर जैन, युवा उद्यानिकी विशेषज्ञ राजवीर सिंह, अभियंता नीरज सराठे, निवासी अभियंता रामकिशोर यादव, साईट अभियंता राहुल श्रीवास्तव, सर्वेयर राघवेन्द्र सिंह, स्वतंत्र अभियंता, और बंसल पाथवेज के किरण थाडी सहित अन्य कर्मचारी और स्कूली बच्चे शामिल थे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाना था। पौधारोपण में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो पर्यावरण को संरक्षित करेगा। भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी एक स्वस्थ और हराभरा वातावरण प्रदान करेगा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक मनीष कुमार मीणा ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण को संरक्षित करने के साथ लोगों को पौधारोपण के महत्व के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि हमारा देश अधिक हरियाली और स्वच्छता की ओर बढ़ सके। कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधारोपण के महत्व को समझते हुए संकल्प लिया कि वे भी अपने घरों और स्कूलों में पौधे लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे।




