आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष पद्धति से 141 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार।
उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित कई बीमारियों की जांच और दवा वितरण। विशेषज्ञ टीम और 9 सदस्यीय आयुष स्टाफ ने दी सेवाएं।

बैतूल। घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुष पद्धति के माध्यम से 141 रोगियों को निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया। जिसमें आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेदिक उपचार को भी समान प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उइके, भूतपूर्व विधायक रामजीलाल उइके और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.संजीव शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला स्तरीय विशेषज्ञ टीम भी स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मौजूद रही। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इस तरह के शिविरों को जनहित में आवश्यक बताया।
शिविर में आयुर्वेद के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता, उदर रोग और वात रोग सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया तथा मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुष विभाग की ओर से डॉक्टर विजय तांडिलकर, डॉ. अभयदेव इवने, डॉ. ललिता धाकड़े, श्रीमती सुमन इवने, राजकुमार इरपाचे, श्रीमती सुमन उइके, श्रीमती संगीता कुमरे और भूपेन्द्र देवड़े सहित कुल 9 कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं। योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह देवड़े द्वारा योग गतिविधियां भी कराई गईं, जिससे मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।




