भीमपुर कॉलेज में 120 छात्रों को दिलाई जल गंगा संवर्धन की शपथ।
आनापान ध्यान साधना से विद्यार्थियों को बताए मानसिक एकाग्रता के लाभ।

भीमपुर। जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर शासकीय महाविद्यालय भीमपुर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जल बचाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. बबीता राय की उपस्थिति में जेएच कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व जिला संगठक डॉ. सुखदेव डोंगरे ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 120 छात्र-छात्राओं को जल संवर्धन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य के लिए पानी बचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व शिक्षिका एमएलबी बैतूल द्वारा छात्र-छात्राओं को आनापान ध्यान साधना कराई गई। उन्होंने विद्यार्थियों को ध्यान करने से मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित होने के लाभ बताए। विद्यार्थियों ने ध्यान साधना में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्य डॉ. बबीता राय ने कहा कि जल है तो कल है, अन्यथा जीवन सूना है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। डॉ. सुखदेव डोंगरे ने कहा कि पानी अनमोल है और इसका संरक्षण एवं संवर्धन अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा आने वाली पीढ़ियों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
डॉ. संदीप राने ने कहा कि जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रो. धनश्याम परमार, प्रो. चांदनी गुजरे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लाइब्रेरियन रविकांत पाटिल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. धनश्याम परमार द्वारा दिया गया।





