विश्व शांति के लिए 101 दीप प्रज्वलित।
गणेश चतुर्थी पर गणेश मंदिर में हुई विशेष प्रार्थना। युद्ध के माहौल के बीच सौहार्द का संदेश।

बैतूल। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर रविवार 5 अप्रैल की शाम शहर के गणेश चौक स्थित गणेश मंदिर में विश्व शांति की कामना को लेकर एक अनूठी पहल की गई। समाजसेवी पुरुषोत्तम गंगवानी ने यहां 101 दीप प्रज्वलित कर भगवान श्री गणेश से समस्त मानव जाति के कल्याण और शांति की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बुद्धि के देवता श्री गणेश सभी लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करें, जिससे विश्व में शांति और भाईचारे का वातावरण स्थापित हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में विश्व के कई हिस्सों में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, विशेषकर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर भय और अस्थिरता का माहौल है। ऐसे दौर में सकारात्मक संदेश और आध्यात्मिक प्रयास समाज को एक नई दिशा दे सकते हैं। दीप प्रज्वलन का मुख्य उद्देश्य यही है कि चारों ओर शांति, सौहार्द और मानवता का वातावरण निर्मित हो।

पुरुषोत्तम गंगवानी की इस पहल को जिलेभर में सराहा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सोना घाटी स्थित हनुमान मंदिर में सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर विश्व शांति की कामना की थी। रामनवमी के अवसर पर भी उन्होंने विश्व शांति की कामना के साथ 501 दीप प्रज्वलित किए थे। वे लगातार व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और संपूर्ण मानवता के लिए प्रार्थना करने का संदेश दे रहे हैं।
उनका यह प्रयास भले ही छोटा प्रतीत होता हो, लेकिन इसका संदेश व्यापक और प्रेरणादायक है, जो लोगों को एकजुट होकर शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।





