स्वच्छता अभियान में नगर पालिका परिसर से निकला 10 ट्रैक्टर कबाड़।

शनिवार स्वच्छता का त्योहार के तहत नपा कार्यालय में चला वृहद सफाई अभियान । मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए व्यवस्था सुधार के निर्देश।

बैतूल। नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा संचालित शनिवार स्वच्छता का त्योहार अभियान के तहत शनिवार को नगर पालिका कार्यालय एवं परिसर में वृहद स्वच्छता और व्यवस्था सुधार अभियान चलाया गया। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले अभियान में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया।

अभियान के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुराने अभिलेखों एवं रिकॉर्ड को व्यवस्थित कर सुरक्षित रखा गया तथा संबंधित फाइलों की सूची तैयार कर रिकॉर्ड पर चस्पा की गई। कार्यालयों में जाले, धूल और अन्य गंदगी की सफाई की गई, वहीं दाग-धब्बे वाले स्थानों पर सफेद चुने से पुताई कर परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने का कार्य किया गया।

कार्यालय एवं परिसर में लंबे समय से पड़े अनुपयोगी कबाड़ और सामग्री को हटाने की विशेष कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान करीब 10 ट्रैक्टर अनुपयोगी सामग्री परिसर से बाहर निकाली गई। शौचालयों की विशेष सफाई कर वहां स्वच्छता और पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बताया कि अनुपयोगी सामग्री के चिन्हांकन, निष्पादन और परिसर की नियमित सफाई का कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देते हैं तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा ऐसे अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button