Demand for action against : खनिज अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मांझी सरकार सैनिकों ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। श्री मांझी अंतर्राष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संगठन ने पुलिस अधीक्षक निश्चल झरिया को ज्ञापन सौंपकर जिला खनिज अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन के जिला अध्यक्ष नवरंग सिंह आहके ने बताया कि खनिज अधिकारी द्वारा मांझी सरकार सैनिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करवा कर मांझी सरकार सैनिकों की वर्दी को लोकल कहकर अपमानित किया। श्री आहके ने बताया कि मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था भारत की एक प्रतिनिधित्व संस्था तथा भारत की मूल मालिक है। विश्व कोर्ट कोलंबो में 156 राष्ट्रों के बीच प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीयकरण कानून लागू है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि यदि हमारा यह राष्ट्रीयकरण कानून सही है तो अनावेदक खनिज अधिकारी के खिलाफ उचित कार्यवाही की जाए।
गौरतलब है लगभग चार माह पूर्व गुवाड़ी रेत खदान से रेत भरकर ले जाने वाले ठेकेदार के वाहनों को रोकने पर पुलिस ने माझी सैनिक दशरथ भलावी, नानू, नवरंग सिंह समेत 25 से 30 अन्य अज्ञात लोगों पर धारा 353 और 186 के तहत एफआईआर दर्ज की। 26 नवंबर 23 को सहायक खनिज अधिकारी भगवंत नागवंशी ने थाना चोपना में शिकायत की थी कि गुवाड़ी रेत खदान से रेत उत्खनन और परिवहन कार्य किए जाने के दौरान मांझी सरकार के वर्दीधारी लोगों ने काम करने से रोका। यहां काम नहीं करने देने की धमकी भी दी। दशरथ भलावी, नानू, नवरंग सिंह आहके समेत 25 से 30 लोग इस दौरान शामिल थे। इन सभी पर धारा 353 और 186 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।




