सरपंच ने देवी भागवत कथा मंच से लिया ग्राम विकास का संकल्प

बैतूल। ग्राम सोनखेड़ी में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा के दौरान ग्राम विकास को लेकर महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया। कथा स्थल पर ग्राम पंचायत कानाखापा के सरपंच पहुंचे, जहां मां बगलामुखी उपासक आचार्य रविन्द्र मानकर ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
आचार्य रविन्द्र मानकर ने बताया कि सोनखेड़ी और कानाखापा के बीच सीधा पक्का सड़क मार्ग नहीं होने से ग्रामीणों को करीब 14 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। बारिश के दौरान आवागमन की समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने सरपंच से इन समस्याओं के समाधान के लिए सार्वजनिक रूप से संकल्प लेने का आग्रह किया।
ग्रामीणों की मांग पर सरपंच ने कथा मंच से सोनखेड़ी-कानाखापा के बीच पक्की सड़क निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही गांव की पुलिया के निर्माण एवं चौड़ीकरण, पक्की सड़क तथा नल-जल योजना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों सहित आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। वहीं पुलिया निर्माण एवं चौड़ीकरण से बारिश के दौरान होने वाली परेशानी कम होगी।
कार्यक्रम में सद्गुरुदेव डॉ. सत्यनारायण गिरी गोस्वामी महाराज एवं परम पूज्य गुरुमाता ने सरपंच का तिलक-वंदन कर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
बताया गया कि इससे पहले भी सोनखेड़ी के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कानाखापा के सरपंच को आवेदन सौंपकर सड़क, पुलिया और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग की थी। कथा मंच से लिए गए सार्वजनिक संकल्प के बाद ग्रामीणों को अब इन कार्यों के जल्द धरातल पर आने की उम्मीद है।



