यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर ई-रिक्शा स्टैंड बनाने की मांग

बैतूल। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लाने-ले जाने वाले ई-रिक्शा चालकों को अब व्यवस्थित स्टैंड की जरूरत महसूस होने लगी है। स्टेशन परिसर में वाहन खड़े करने और यात्रियों को बैठाने-उतारने के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने से हो रही परेशानियों को देखते हुए ई-रिक्शा ऑटो चालक संघ ने रेलवे प्रशासन से अधिकृत ई-रिक्शा स्टैंड आवंटित करने की मांग की है। इस संबंध में शनिवार को आधा सैकड़ा से अधिक चालकों की ओर से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), मध्य रेल नागपुर के नाम ज्ञापन भेजा गया।
ई-रिक्शा ऑटो चालक संघ ने बताया कि वे भारत सरकार की स्व-रोजगार योजना के तहत बैतूल शहर और रेलवे स्टेशन के बीच परिवहन सेवा दे रहे हैं। ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक और शहर के लोगों को उचित एवं निर्धारित दरों पर रेलवे स्टेशन पहुंचाने का काम कर रहे हैं। लेकिन स्टेशन परिसर में अधिकृत स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को बैठाने-उतारने और वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। स्टैंड मिलने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और चालकों को भी व्यवस्थित तरीके से रोजगार करने का अवसर मिलेगा।
संघ ने रेलवे प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि स्टैंड आवंटित होने पर सभी चालक रेलवे के विभागीय नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करेंगे। स्टेशन परिसर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी पूरा सहयोग करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में रमेश शेषकर, राजेश, पूनम निरापुरे, अरविंद यादव, सुखदेव आठनकर, आकाश, श्यामराव, अजय, श्याम, सोम, नेहरु माले, राज हरसुले, सुभाष भावसार, गोलू, हेमराज, बबलू, अमित आदि शामिल हैं।




