बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि, निभाया बेटे का फर्ज

बैतूल। कंस्ट्रक्शन मटेरियल व्यवसायी 51 वर्षीय कुक्की उर्फ अनूप तिवारी का शुक्रवार सुबह असामयिक निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार के दौरान गंज मोक्षधाम में उनकी छोटी बेटी देवांशी तिवारी ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। बेटी द्वारा पिता के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाने का यह दृश्य उपस्थित लोगों को भावुक कर गया। कुक्की उर्फ अनूप तिवारी कंस्ट्रक्शन का कार्य करते रहे हैं और वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
दिवंगत कुक्की उर्फ अनूप तिवारी अपने पीछे पत्नी सविता तिवारी और दो बेटियों सोनू तिवारी एवं देवांशी तिवारी को छोड़ गए हैं। ऐसे में छोटी बेटी देवांशी ने आगे आकर भतीजे नैतिक तिवारी के साथ अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं और पिता को अंतिम विदाई दी। गंज मोक्षधाम में अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से दिवंगत कुक्की उर्फ अनूप तिवारी को श्रद्धांजलि दी और दुख की इस घड़ी में साहस के साथ जिम्मेदारी निभाने वाली छोटी बेटी देवांशी की सराहना की।




