छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग, शिक्षा संजीवनी अभियान के नाम पर गुमराह करने के विरोध में एनएसयूआई का कलेक्ट्रेट घेराव आज

बदहाल शिक्षा व्यवस्था और पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के विरोध में छात्र-युवा करेंगे प्रदर्शन

बैतूल। छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली के माध्यम से तत्काल कराने की मांग और शिक्षा संजीवनी अभियान के नाम पर विद्यार्थियों को गुमराह करने के विरोध में एनएसयूआई आज कलेक्ट्रेट घेराव करेगी। जिले की बदहाल शिक्षा व्यवस्था और पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के विरोध सहित विद्यार्थियों एवं युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई ने प्रदर्शन की तैयारी की है। 3 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे शिवाजी ऑडिटोरियम के पास छात्र-युवा एकत्र होंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

एनएसयूआई छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली के माध्यम से तत्काल कराने की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। संगठन का कहना है कि लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का प्रभावी मंच नहीं मिल रहा है। वहीं शिक्षा संजीवनी अभियान के नाम पर विद्यार्थियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए संगठन शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार की मांग करेगा।

प्रदर्शन में पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के स्थान पर सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना, भीमपुर और शाहपुर की शासकीय आईटीआई का निजीकरण कर परम फाउंडेशन को नहीं सौंपने, बीएड एवं डीएड कॉलेजों में मनमानी फीस वसूली पर रोक और जिले के सभी कॉलेजों की मान्यता एवं संचालन की आवश्यक शर्तों की जांच की मांग रखी जाएगी।

इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जिला स्तरीय अध्ययन केंद्र, बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष रोजगार अभियान, सरकारी छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच, ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा बढ़ाने, खेल सुविधाओं का विस्तार और विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए विशेष जनसुनवाई शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रहेगी।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रोहन ठाकुर ने विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिवाजी ऑडिटोरियम के पास पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है। संगठन ने मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button