घर में घुसकर महिला से मारपीट और जेवर छीनने का आरोप, चार दिन बाद भी एफआईआर नहीं होने पर एसपी से शिकायत

आरोपी और परिजनों के खिलाफ कार्रवाई व सुरक्षा की मांग

बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र के वैष्णवी नगर, गौठाना में घर में घुसकर महिला से मारपीट, गला दबाने और सोने-चांदी के जेवर छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता सुखमनी यादव ने गंज थाना क्षेत्र के लोहिया वार्ड निवासी अमन भालेकर पर वारदात का आरोप लगाया है। चार दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे आरोपी उनके घर पहुंचा और कमरे में बुलाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर गला दबाया और कान की बालियां, मंगलसूत्र तथा नाक की नथनी जबरन छीन ली। पीड़िता ने बताया कि नथनी उन्होंने एक दिन पहले ही 18 नवंबर को कोठी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स से 5,500 रुपए में खरीदी थी। घटना के समय उनकी बहन अंजू यादव भी घर में मौजूद थी, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वह अंदर नहीं आ सकी।

पीड़िता ने बताया कि घटना की रात करीब 9 बजे डायल 112 पर सूचना दी थी। अगले दिन 20 नवंबर को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की। उनका आरोप है कि घटना की जानकारी आरोपी की मां को देने पर उन्होंने भी परिवार सहित आकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, छीने गए जेवर बरामद कराने तथा स्वयं और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button