Betul news: रहवासी क्षेत्र विनोबा नगर में अचानक धराशाई हुआ विशालकाय नीम का पेड़
पेड़ कटवाने के लिए वार्डवासी पिछले 8 दिनों से काट रहे थे वार्ड पार्षद और अधिकारियों के चक्कर

बैतूल। शहर के विनोबा नगर रहवासी क्षेत्र में शुक्रवार को खप्पर वाली माता मंदिर के सामने स्थित लगभग 50 वर्षों से अधिक पुराना नीम का पेड़ अचानक जमींदोज हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जन हानि नहीं हुई। गौरतलब है कि खप्पर वाली माता मंदिर का हाल ही में जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। जर्जर पेड़ के कारण जीर्णोद्धार कार्य में परेशानी होने के चलते विगत दिनों वार्ड वासियों ने विनोबा नगर एवं राजेंद्र वार्ड के पार्षदों सहित बिजली कंपनी और नगर पालिका में शिकायत कर कार्यवाही करने की मांग की थी।
वार्डवासी जगदीश मालवी द्वारा विनोबा वार्ड के पार्षद सहित राजेंद्र वार्ड के पार्षद से भी पेड़ कटवाने की लगातार गुहार लगाई गई थी। लेकिन दोनों ही पार्षदों की निष्क्रियता के चलते वार्ड वासियों की कोई सुनवाई नहीं की गई। विनोबा वार्ड, राजेंद्र वार्ड के पार्षदों की हठधर्मिता और निष्क्रियता के चलते वार्ड वासियों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी। लगातार वार्ड वासियों द्वारा शिकायत करने के बावजूद कहीं भी सुनवाई नहीं की गई। आखिरकार वार्ड वासियों को जिस बात का डर था वही हुआ। शुक्रवार लगभग 4 से 5 बजे के बीच पेड़ अचानक धराशाई हो गया। वार्ड वासियों के अनुसार विनोबा वार्ड की गली नंबर 1 में दिन भर छोटे बच्चे मंदिर परिसर के सामने खेलते रहते हैं। घटना के समय गनीमत रही कि यहां कोई भी मौजूद नहीं था, नहीं तो यहां जन हानि भी हो सकती थी। गली इतनी सकरी है कि पेड़ गिरने से पूरा रास्ता भी बाधित हो गया है। वार्ड वासियों ने इस घटना के लिए विनोबा वार्ड एवं राजेंद्र वार्ड के पार्षदों सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। बता दे कि परिसीमन के कारण के विनोबा नगर की गली नंबर 1 राजेंद्र वार्ड और विनोबा नगर दो भागों में बट गई है। दोनों ही पार्षदों द्वारा इस गली में कोई ध्यान नहीं देने के कारण यहां के वार्ड वासी खासे परेशान है। इस घटना में एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है।




