Unique Greetings : बेटे का एमपीएससी में चयन हुआ तो प्राचार्य पिता और शिक्षिका माता ने किया 250 फलदार पौधों का वितरण

MPPSC RESULT : बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिवरखेडी में प्राचार्य के पद पर पदस्थ फुलसिंह परते एवं शासकीय माध्यमिक शाला कुप्पा विकास खण्ड घोडाडोंगरी में शिक्षिका के पद पर पदस्थ शर्मिला परते के पुत्र हिमांशु परते का मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा 2021 में नायब तहसीलदार के पद पर चयन हुआ है। आदिवासी कर्मचारी अधिकारी संगठन (आकास) के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय धुर्वे ने बताया कि हिमांशु परते वर्तमान में एफसीआई बिलासपुर में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने एमपीएससी के दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है।

फुलसिंह परते की पुत्री पदमा परते का भी विगत मार्च 2024 में सहायक पशुचिकित्सा अधिकारी के पद पर चयन हुआ है और वे छिन्दवाडा जिले में कार्यरत हैं। उनके सबसे छोटे सुपुत्र योगांशु परते शासकीय मेडिकल कॉलेज जबलपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। श्री परते का परिवार विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर उच्च पदों पर पहुंचा है, जो उनके दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिणाम है। इस गौरवमयी अवसर को यादगार बनाने और आदिवासी समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से फुलसिंह परते ने आदिवासी कर्मचारी अधिकारी संगठन (आकास) जिला बैतूल के सहयोग से 250 फलदार पौधों का वितरण किया। इस पहल में 50 महुआ, 50 चार चिरोंजी, 50 बांस, 50 आम और 50 कटहल के पौधे शामिल थे। इस कार्यक्रम को एक परिवार एक पेड़ के नाम से आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी कर्मचारी अधिकारी संगठन (आकास) के प्रांतीय सचिव सरवन मरकाम, जिलाध्यक्ष शंकरसिंह आहके, जिला कोषाध्यक्ष सोहनलाल धुर्वे, जिला सचिव सुनिल सलामे, जिला महासचिव मन्नुलाल चिल्हाटे, अखिलेश कवडे, समर सरियाम, जिला उपाध्यक्ष जंगुसिंग धुर्वे और दशरथ धुर्वे के विशेष सहयोग और मार्गदर्शन में किया गया। आकास बैतूल द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर और अन्य शैक्षिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक रूप से समाज को सशक्त करने के लिए भी बहुआयामी कार्य किए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button