बोरगांव में हवन-पूजन से शुरू हुआ विश्वकर्मा जयंती महोत्सव.
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं व बच्चों को किया सम्मानित. हरिशंकर मालवी ने दी जमीन, 51 हजार व 21 हजार की घोषणाएं.

बैतूल। आमला में विश्वकर्मा बढ़ई समाज समिति आमला द्वारा भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के हवन-पूजन से की गई। बोरगांव में आयोजित जयंती महोत्सव में आमला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैतूल, चिचोली और सारणी समिति के अध्यक्ष सहित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

जयंती समारोह में आमला क्षेत्र में भगवान विश्वकर्मा मंदिर निर्माण का बड़ा ऐलान किया गया। हरिशंकर मालवी ने ग्राम मोरखा में मंदिर निर्माण के लिए जमीन देने की घोषणा की। मंदिर निर्माण हेतु जिला समिति के पदाधिकारियों ने 51 हजार रुपये और चिचोली समिति द्वारा 21 हजार रुपये की राशि भेंट करने की घोषणा की। जिला समिति अध्यक्ष गणेश प्रसाद मालवी ने जिले के समस्त सामाजिक बंधुओं से ग्राम मोरखा में मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की।
गणेश प्रसाद मालवी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आगामी वर्ष जयंती अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कार जिला समिति द्वारा प्रदान किए जाएंगे। साथ ही समाज द्वारा शीघ्र ही निःशुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा और जिले के समस्त सामाजिक बंधुओं से वर-वधु तैयार करने की अपील की गई।
आमला समाज समिति अध्यक्ष रंगलाल मालवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। जयंती महोत्सव के आयोजन में संरक्षक नाथूराम विश्वकर्मा, आमला समिति अध्यक्ष रंगलाल मालवी, रमेश मालवी मैहतपुर, हरिशंकर मालवी मोरखा, टीकाराम मालवी बोडखी, हृदयराम मालवी आमला, कोषाध्यक्ष कांता प्रसाद मालवी बोडखी, गुलाब मालवी परसोडा, शिवशंकर मालवी आमला, तोष कुमार मालवी, त्रिभुवन मालवी खानापुर, सतीश मालवी आमला, कोमल मालवी दुनावा, टीकाराम मालवी रिधोरा, हेमराज मालवी खापा, युवा मंच अध्यक्ष डॉ पवन मालवी, राहुल मालवी, युवराज मालवी, अनिल मालवी, महिला मंडल अध्यक्ष पुष्पा मालवी, जया मालवी, उर्वशी मालवी, पुष्पा रंगलाल मालवी, वंदना मालवी और रेखा मालवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन संरक्षक नाथूराम विश्वकर्मा द्वारा किया गया और अंत में आमला समिति अध्यक्ष रंगलाल मालवी ने आभार व्यक्त किया।




