पारंपरिक पढ़ाई से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान दे रहा विनायकम स्कूल।
समर कैंप में पांचवे दिन रचनात्मकता और अनुशासन की दी जानकारी। योग, आर्ट और खेल गतिविधियों से निखर रहा बच्चों का व्यक्तित्व।

बैतूल। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री विनायकम स्कूल द्वारा आयोजित निःशुल्क समर कैंप का पांचवा दिन उत्साह, ऊर्जा और सीख से भरपूर रहा। कैंप में शामिल बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अनोखा अनुभव प्राप्त किया।
दिन की शुरुआत प्राणायाम और योग अभ्यास से हुई, जिसमें बच्चों ने शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक एकाग्रता पर भी ध्यान केंद्रित किया। इसके बाद आयोजित आर्ट एंड क्राफ्ट सत्र में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करते हुए आकर्षक और सृजनात्मक मॉडल तैयार किए।
स्पोर्ट्स और टीम आधारित गतिविधियों में बच्चों ने अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया। खेल-खेल में सीखने की इस प्रक्रिया ने बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूती प्रदान की और उनमें टीम भावना को विकसित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर संजय राठौर ने बताया कि इस प्रकार के समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के दायरे से बाहर निकालकर उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच और सामाजिक कौशल से जोड़ना है। शिक्षकों ने भी बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह की सराहना की।




