12वीं के छात्र को बिना सूचना प्राइवेट घोषित करने पर हंगामा।
परीक्षा परिणाम में अनियमितता के आरोप, कलेक्टर से शिकायत ।

बैतूल। जनसुनवाई में कक्षा 12वीं के एक छात्र के परीक्षा परिणाम को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। शाहपुर निवासी शिकायतकर्ता सलोनी प्रजापति ने अपने भाई नेहाल प्रजापति के मामले में कलेक्टर को आवेदन देते हुए परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता, भेदभाव, मानसिक प्रताड़ना और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं, साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि मॉडल स्कूल में कला संकाय के छात्र नेहाल प्रजापति के एडमिट कार्ड में रेगुलर अंकित था, लेकिन परीक्षा परिणाम में बिना किसी पूर्व सूचना या कारण के उसे प्राइवेट घोषित कर दिया गया।
शिकायत के अनुसार विद्यालय द्वारा अनुपस्थिति से जुड़े नोटिस समय पर अभिभावकों को नहीं दिए गए और बाद में एक साथ थमाए गए, जिससे छात्र को अपनी स्थिति सुधारने का अवसर नहीं मिला। इस प्रक्रिया को निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार के उल्लंघन के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
मामले में यह भी आरोप है कि समान परिस्थितियों में अन्य छात्रों के साथ अलग व्यवहार किया गया, जो समानता के अधिकार के विरुद्ध है। साथ ही आंतरिक प्रोजेक्ट अंकों में अनियमितता के आरोप लगाते हुए मूल्यांकन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए हैं।
आवेदन में शिक्षकों पर अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिसमें छात्र के प्रति अपमानजनक भाषा के प्रयोग का उल्लेख है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का छात्र के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और उसके शिक्षा के अधिकार पर भी असर पड़ा है।
प्रकरण में 16 अप्रैल को विद्यालय परिसर में हुई घटना की सीसीटीवी जांच की मांग की गई है, ताकि तथ्यों की पुष्टि हो सके। आवेदन में स्पष्ट रूप से उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच, दोषी शिक्षकों और अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई, छात्र के परिणाम की निष्पक्ष पुनः समीक्षा और पूरी कार्यवाही की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।




