डॉक्टर से मारपीट मामले में आगे आया जयस, कड़ी कार्रवाई की मांग।
भैंसदेही अस्पताल घटना पर खोला मोर्चा।

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में अब जयस संगठन भी खुलकर सामने आ गया है। जयस प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे ने मामले को गंभीर बताते हुए थाना प्रभारी भैंसदेही और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज में जिन आरोपियों ने अपराध किया है उनकी गिरफ्तारी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र भैंसदेही में पदस्थ डॉ. अभिषेक भलावी के साथ 11 मई को ड्यूटी के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा अभद्र व्यवहार एवं हमला किया गया। इस घटना से अस्पताल का वातावरण प्रभावित हुआ और स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित हुईं। जयस प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सीधा हमला बताया है।
– डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग को और कठोर रूप सर अमल किया जाये
जयस की ओर से सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए लागू डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के अंतर्गत यह अपराध दंडनीय है। ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
– निष्पक्ष जांच कर बाकी बचे और भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है
जयस प्रदेश संयोजक जामवंत सिंह कुमरे ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी सुरक्षित नहीं रहेंगे तो इसका सीधा असर आम मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।
– अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील
मामले को लेकर जयस संगठन ने बैतूल जिले के शासकीय एवं अशासकीय अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई है। अस्पताल परिसरों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील प्रशासन से की गई है ताकि ऐसी घटनाओ की पुनरावृत्ति ना हो।





