Ticket Declared : भाजपा ने दिल्ली से खेला भैंसदेही और मुलताई में पुराने चेहरों पर दांव

मुलताई में चंद्रशेखर देशमुख और भैंसदेही में महेंद्र सिंह चौहान के नाम तय

BJP NEWS : बैतूल। विधानसभा चुनाव में सत्ता पाने के लिए भाजपा ने दिल्ली में पावर सेंटर बना दिया है। प्रदेश के हाथों से पूरी कमान लेने के बाद गुरुवार को प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी गई। बिना शोर गुल किए जैसे ही प्रत्याशियों के नाम घोषित हुए वैसे ही कांग्रेस नहीं बल्कि भाजपा में खलबली मच गई। चुनाव के कई महीने पहले ही हारी हुई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय करने से यह संभावना बढ़ गई है कि केंद्र से ही इन सीटों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

बैतूल जिले में मुलताई और भैंसदेही विधानसभा सीट से एक बार फिर पुराने चेहरों पर ही पार्टी ने दांव खेल दिया है। अंदरखाने की खबर तो यह है कि दिल्ली नेतृत्व ने अपने स्तर पर सर्वे करा लिया है और उसी के आधार पर टिकट का वितरण किया जा रहा है। हालांकि मुलताई में भाजपा के द्वारा प्रत्याशी बनाए गए पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख और भैंसदेही में महेंद्र सिंह चौहान को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहली पसंद बताया जाता है। गाहे -बगाहे बैतूल जिले में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उनका दोनों पर स्नेह नजर भी आता है। इस कारण से यह संभावना भी है कि केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा मुख्यमंत्री की मंशा पर भी निर्णय लिए जा रहे हैं।

बैतूल जिले की मुलताई और भैंसदेही विधानसभा सीट पर पार्टी ने नाम तो तय कर दिए हैं लेकिन अब असली चुनौती दोनों ही सीटों के लिए दावेदारों की जो फौज थी उसका असंतोष कैसे थामने की है।मुलताई में तो एक कार्यक्रम में जनता से यह दावा तक कर दिया गया था कि उनके लिए नया भाऊ लाया गया है।इसके अलावा पिछले चुनाव के समय से ही मुलताई में राजनीतिक जमीन तलाश रहे नेता जी को भी निराशा हाथ लगी है। भैंसदेही सीट पर भी लंबे समय से टिकट की मांग करने वाले अब कैसे अपने आपको वर्षाें से एक ही झंडे के नीचे खड़े रख पाएंगे यह आने वाले समय में ही पता चल पाएगा।

गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह द्वारा जारी की गई 39 प्रत्याशियों की सूची में मुलताई से पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख और भैंसदेही से पूर्व विधायक महेंद्र सिंह चौहान को प्रत्याशी घोषित किया गया है। भाजपा ने इस बार प्रदेश में जीत बरकरार रखने के लिए पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है। मुलताई विधानसभा से विधायक रहे चंद्रशेखर देशमुख की पिछले चुनाव में टिकट काट दी गई थी। उनके स्थान पर राजा पवार को मैदान में उतारा था लेकिन मतदाताओं ने उन पर भरोसा दिखाया जिससे भाजपा को हार का सामना करना पड़ गया था। चंद्रशेखर देशमुख को वर्ष 2008 के चुनाव में भाजपा ने मुलताई विधानसभा से प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था। उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2013 के चुनाव में भाजपा ने फिर से टिकट दी और वे जीत दिलाने में कामयाब हो गए थे। विधायक रहते हुए वर्ष 2018 के चुनाव में उनकी टिकट काट दी गई थी। अब फिर से पार्टी ने उन पर भरोसा करते हुए मैदान में उतार दिया है।

भैंसदेही विधानसभा सीट पर भाजपा ने तीन बार के विधायक रहे महेंद्र सिंह चौहान पर एक बार फिर से छटवीं बार भरोसा करते हुए प्रत्याशी बनाया है। अनुसूचित जन जाति वर्ग के लिए आरक्षित भैंसदेही विधानसभा सीट पर वर्ष 1998 के चुनाव में भाजपा ने पहली बार महेंद्र सिंह चौहान को मैदान में उतारा था और उन्होंने जीत हासिल की थी। इसके बाद से लगातार भाजपा के द्वारा उन्हें प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा जा रहा है। वर्ष 2008 और 2018 के चुनाव में ही महेंद्र सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा है।

भैंसदेही विधानसभा सीट के यह नतीजे आपके लिए जानना जरूरी है

मुलताई विधानसभा सीट के यह नतीजे आपके लिए जानना जरूरी है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button