PM Surya Ghar Free Electricity Scheme: आईटीआई के युवाओं को सिखाई सोलर ऊर्जा की बारीकियां
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 9 दिन तक चला सोलर कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग

बैतूल। युवाओं को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 22 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक शासकीय बॉयस आईटीआई बैतूल में नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलेपमेंट द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एंड कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में सोलर वेंडर और सोलर का काम करने वाले कई युवाओं ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल नॉलेज दिलाने के लिए 25 किलोवॉट और 15 किलोवॉट के सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण करवाया गया। इनमें से एक प्लांट भड़ूस में तथा दूसरा बॉयस आईटीआई परिसर में स्थापित है। प्रशिक्षुओं को पैनल इंस्टॉलेशन, पावर जेनरेशन और मेंटेनेंस संबंधी जानकारी विस्तार से दी गई।
इस कार्यक्रम का संचालन नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलेपमेंट नोएडा से आए प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं यूनिक सोशल एजुकेशनल कमेटी भोपाल ने भी विशेष सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण में सागर, छिंदवाड़ा और बैतूल जिले के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रेडिएंट सोलर पावर बैतूल द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए इस प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। संस्था के डायरेक्टर राजेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित कर युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम की सफलता में शासकीय बॉयस आईटीआई बैतूल के प्रिंसिपल केशव सातपुते, गोविंद पवार, टीसी मेश्राम और श्रीमती दीपिका पवार का विशेष योगदान रहा।





