किसान महा चौपाल में जिले से हजारों कार्यकर्ता, युवा, किसान और मजदूर पहुंचेंगे भोपाल।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने 24 फरवरी को भोपाल में प्रस्तावित विधानसभा घेराव की दी जानकारी।बैतूल में बढ़ते अपराध और अधूरे वादों पर प्रदेश अध्यक्ष को घेरा।

 

 

 

 

 

बैतूल। शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने 24 फरवरी को भोपाल में प्रस्तावित विधानसभा घेराव और किसान महा चौपाल की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध, प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा और राज्य सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। घेराव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में होगा और किसान महा चौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर भी विस्तार से पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार और प्रदेश नेतृत्व पर सीधे आरोप लगाए।

निलय डागा ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में संभावित कमी से मध्य प्रदेश के कपास, सोयाबीन और मक्का उत्पादकों को गंभीर नुकसान होगा। अमेरिका में औसत कृषि जोत लगभग 170 हेक्टेयर है जबकि भारत में 1 से 1.5 हेक्टेयर। अमेरिकी किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, जबकि भारतीय किसान लागत वृद्धि और बाजार संकट से जूझ रहे हैं। प्रदेश में लगभग 50 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन की खेती होती है। अमेरिकी सोयाबीन तेल और सोया बली का आयात बढ़ने से मंडियों में दाम गिरने की आशंका है। अमेरिका विश्व का सबसे बड़ा मक्का निर्यातक है, डिस्टिलर ड्राइड ग्रेन जैसे उत्पादों के आयात से पशु आहार बाजार प्रभावित होगा। कपास पर आयात शुल्क घटने से निमाड़ और मालवा क्षेत्र के किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस ने ट्रेड डील पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी करने और किसानों के हितों की संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

– तीन मंत्रियों पर इस्तीफे की मांग

कांग्रेस ने तीन मंत्रियों की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए इस्तीफा मांगा है। कैलाश विजयवर्गीय पर इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल प्रकरण में जवाबदेही का प्रश्न उठाया गया है। विजय शाह पर सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत बयान को लेकर आपत्ति जताई गई है। राजेंद्र शुक्ला पर जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मृत्यु के मामलों में जिम्मेदारी लेने की मांग की गई है। कांग्रेस का कहना है कि नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफा लिया जाए।

– बैतूल में प्रदेश अध्यक्ष पर सीधा हमला

श्री डागा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैतूल से आते हैं, लेकिन यहां किए गए वादे पूरे नहीं हो रहे। प्रदेश में घूमने से फुर्सत नहीं और स्थानीय लोगों से मुलाकात नहीं हो रही। शहर में अपराध बढ़ रहे हैं, पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है, एसआईआर में नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई भी भाजपा जनप्रतिनिधि जनता से संवाद नहीं कर रहा और सब अपने घर भरने में लगे हैं। अपराधियों को संरक्षण देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप भी लगाए गए।

– आंदोलन में भागीदारी की अपील

निलय विनोद डागा ने कहा कि माचना पुलिया से बडोरा मंडी तक छह करोड़ रुपए की टू लेन सड़क बनाई जा रही है, जबकि पहले से टू लेन मार्ग मौजूद है। उन्होंने माचना नदी से बडोरा मंडी, बालाजीपुरम होते हुएशनल हाईवे तक फोरलेन सड़क बनाने की मांग की ताकि ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके। नगरपालिका में 700 मस्टर कर्मचारियों, करोड़ों के घोटालों, और बाहरी लोगों के मतदान जैसे मुद्दे भी उठाए गए। कांग्रेस ने 24 फरवरी को अधिक से अधिक किसानों, युवाओं, मजदूरों और व्यापारियों से भोपाल पहुंचकर आंदोलन में भागीदारी की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button