हनुमान डोल में दो अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर होगा विशाल भंडारा।
कमानी गेट से श्रद्धालुओं के लिए चलेगी निःशुल्क बस ।

बैतूल। हनुमान डोल में घने वनों के बीच स्थित चमत्कारी हनुमान मंदिर में पूरे श्रद्धा भाव के साथ दो अप्रैल गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव पर हवन पूजन के उपरांत विशाल भंडारा होगा। इस मौके पर कमानी गेट से हनुमान डोल तक श्रद्धालुओं को लाने एवं वापस ले जाने के लिए निःशुल्क बस चलेगी।
हनुमान डोल मंदिर समिति के अध्यक्ष राहुल (चिंटू) शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दो अप्रैल गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह हवन पूजन प्रारंभ होगा। पूर्णाहुति एवं आरती के पश्चात ध्वजा चढ़ाई जाएगी। प्रातः 10 बजे से विशाल भंडारा प्रसादी का वितरण शुरू होगा जो शाम तक चलेगा। समिति सचिव अमरीश (सोनू) शर्मा ने बताया कि पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाजसेवी एवं समिति सदस्य मुकेश खंडेलवाल की ओर से प्रातः 11 बजे से शाम तक कमानी गेट से हनुमान डोल तक श्रद्धालुओं को लाने ले जाने के लिए निःशुल्क बस उपलब्ध रहेगी। समिति सदस्य मनोज कोकास ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर मंदिर प्रांगण में आंवला, कहूं, जामुन आदि का पौधा रोपण भी किया जाएगा।




