बारहलिंग ताप्ती घाट से पवित्र जल लेकर प्राचीन नागदेव मंदिर पहुंचीं विशाल कावड़ यात्रा, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
क्षेत्र और जिले की सुख-शांति व समृद्धि की कामना के साथ महिलाओं ने ताप्ती जल से किया जलाभिषेक

नवयुवक कालिका उत्सव समिति ने पटेल वार्ड सदर में किया स्वागत
बैतूल। भगवान शिव को समर्पित सावन माह में कावड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धालु पवित्र नदी का जल कावड़ में भरकर शिवलिंग पर अर्पित करते हैं, जिससे भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना पूर्ण होती है। इसी आस्था के साथ मंगलवार को खेड़ीसावलीगढ़ बारहलिंग ताप्ती घाट से प्राचीन नागदेव मंदिर, पटेल वार्ड सदर बैतूल तक महिलाओं की भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
– ताप्ती नदी में पूजन कर भरा पवित्र जल
कावड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले श्रद्धालु महिलाओं ने बारहलिंग ताप्ती घाट पर मां ताप्ती नदी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद ताप्ती का पवित्र जल कावड़ में भरकर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ प्राचीन नागदेव मंदिर के लिए रवाना हुईं। यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र एवं जिले की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करना रहा।
– नागदेव मंदिर में हुआ जलाभिषेक
प्राचीन नागदेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालु महिलाओं ने मां ताप्ती के पवित्र जल से शिवलिंग का जलाभिषेक किया और परिवार, समाज तथा जिले के कल्याण की प्रार्थना की। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
– समिति ने किया भव्य स्वागत
पटेल वार्ड सदर में नवयुवक कालिका उत्सव समिति ने महिलाओं की भव्य कावड़ यात्रा का स्वागत किया। धार्मिक आयोजन में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में छोटे बच्चों की सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रही और पूरे मार्ग में शिवभक्ति का माहौल बना रहा।




