निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की मिसाल बने नागेश पवार।

शिक्षक, छात्र और ग्रामीणों की मौजूदगी में यादगार विदाई, 38 साल दी सेवा।

बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांसपानी में 38 वर्षों की सेवा पूर्ण करने पर प्राचार्य नागेश पवार को भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान समारोह में शाला स्टाफ, छात्र-छात्राओं और अतिथियों की मौजूदगी में हर चेहरा भावुक नजर आया और माहौल पूरी तरह संवेदनाओं से भरा रहा।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ हुई। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री वरकड़े ने अपने संबोधन में कहा कि नागेश पवार निष्ठावान और कर्तव्यपरायण रहे हैं। वे अपने सभी कार्य समय से पहले पूर्ण करते थे और हमेशा शाला के प्रति समर्पित रहे।

शासकीय उत्कृष्ट शाला बैतूल के प्राचार्य श्री उदयपुरे ने कहा कि नागेश पवार उनके अभिन्न मित्र हैं और उन्होंने हमेशा निष्पक्षता के साथ कार्य किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने मिलकर कई कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया और पवार का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा।

चिखली माल हायर सेकंडरी स्कूल के पूर्व प्राचार्य आनंद साहू ने तेरे जैसा यार कहा, कहा ऐसा याराना गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक कर दिया। कुछ समय के लिए पूरा सभागार सन्नाटे में डूब गया।

कार्यक्रम को प्राचार्य श्री पाटणकर, प्राचार्य श्री पाटिल, प्राचार्य श्री दामडे, पूर्व प्राचार्य श्री मति पीटर, प्राचार्य श्री लिलोरे, श्री धर्मेंद्र पवार, श्री यादव, विनोद पडलक, शिवराम धुर्वे, श्री बारसे और श्रीमती पाटिल शिक्षिका सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।

अंत में सेवानिवृत्त प्राचार्य नागेश पवार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षण उनके लिए अत्यंत भावुक है और उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि शाला आगे भी प्रगति करती रहेगी। इस अवसर पर उन्हें फूलमाला, पुष्पगुच्छ, शाल-श्रीफल, लकड़ी की आरामदायक कुर्सी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन शिक्षक पृथ्वीलाल पवार ने किया और आभार प्रकट प्रभारी प्राचार्य श्रीमती आरती परते ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button