बिजली संकट से डगमगाई शहर की जलापूर्ति।

नगर पालिका ने एमपीईबी को ठहराया जिम्मेदार।

बैतूल। शहर की पेयजल व्यवस्था लगातार बिजली संकट की मार झेल रही है। ताप्ती इंटेकवेल और विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट पर बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने तथा कम वोल्टेज की समस्या के चलते जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद बैतूल ने मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीईबी) को पत्र भेजकर तत्काल सुधार की मांग की है।

नगर पालिका परिषद द्वारा प्रेषित पत्र में बताया गया है कि 8 जून को रात्रि 3:30 बजे विद्युत आपूर्ति बंद हो जाने के कारण पेयजल टंकियां निर्धारित समय पर नहीं भर सकीं। इसके परिणामस्वरूप शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर पालिका का कहना है कि ताप्ती इंटेकवेल एवं फिल्टर प्लांट पर लगातार विद्युत व्यवधान और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे नियमित जलप्रदाय में बाधा उत्पन्न हो रही है।

नगर पालिका परिषद ने एमपीईबी को स्पष्ट रूप से अवगत कराया है कि यदि विद्युत आपूर्ति में तत्काल सुधार नहीं किया गया और भविष्य में पेयजल व्यवस्था प्रभावित होती है अथवा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, बैतूल की होगी। नगर पालिका ने ताप्ती इंटेकवेल एवं फिल्टर प्लांट पर पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध और नियमित विद्युत आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि शहर की पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button