मिर्च डालकर व्यापारी से लूट के प्रयास का फरार आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

बैतूल। गंज थाना क्षेत्र में व्यापारी की आंखों में मिर्च डालकर लूट का प्रयास करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात के समय पहने गए कपड़े और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरशाद पिता मुन्ने खां (24), निवासी आरिफ नगर, थाना गौतम नगर, भोपाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को फरियादी निर्मल पिता ललित पोपली, निवासी गंज ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात आरोपियों ने लूट के इरादे से उनकी आंखों में मिर्च डालकर वारदात करने का प्रयास किया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी इरशाद भोपाल के आरिफ नगर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को भोपाल से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में इससे पहले आरोपी अरुण पिता भुजंग महार, निवासी बंगाली कॉलोनी, आदमगढ़, नर्मदापुरम तथा एक विधि-विरुद्ध अपचारी बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button