terror of encroachers: सुभाष वार्ड में हाई टेंशन लाइन के नीचे अतिक्रमणकारियों का आतंक, बिजली कंपनी के नोटिस का भी नहीं असर

सक्षम लोग सरकारी जमीन पर कर रहे कब्जा, कलेक्टर से शिकायत

भूमाफियाओं के पास निजी मकान होने के साथ क्रेन, ट्रैक्टर और फोर व्हीलर

अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के अतिक्रमण के कारण भय के साए में रह रहे सुभाष वार्ड के रहवासी

वार्ड वासियों ने पूर्व में कई बार की शिकायत, लेकिन नहीं हुई कोई कार्यवाही

अवैध ईंट भट्ठे से उठने वाले धुएं के कारण खराब हो रहा वार्ड का वातावरण 

बैतूल। शहर के सुभाष वार्ड में हाई टेंशन लाइन के नीचे हो रहे अवैध अतिक्रमण से वहां के रहवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कलेक्टर से शिकायत की है कि उनके वार्ड में सरकारी जमीन पर अतिक्रमणकारियों ने अवैध तरीके से मकान बना रखे हैं। खास बात यह है कि ये अतिक्रमणकारी गरीब नहीं, बल्कि सक्षम लोग हैं, जिनके पास अपने निजी मकान के साथ क्रेन, ट्रैक्टर और फोर व्हीलर भी है। मकान को उन्होंने किराए पर दे रखा है और यहां कब्जा कर रखा है। अतिक्रमणकारियों में से कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोग भी हैं, जो वार्ड के निवासियों के लिए आए दिन समस्याएं खड़ी करते हैं।

शिकायतकर्ताओ ने बताया कि उनके घर के सामने हाई टेंशन लाइन के नीचे अतिक्रमण हो रहा है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बिजली कंपनी द्वारा इन अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस भी दिया जा चुका है, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ है। इनमें से कई लोग सरकारी नौकरी में भी कार्यरत हैं और उन्होंने अपने घरों को किराए पर देकर यहां कब्जा कर रखा है। वार्ड के लोगों ने नगर पालिका और राजस्व विभाग में भी शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कुछ अतिक्रमणकारी अपराधी भी हैं। इनमें दीपेंद्र नामक अपराधी भी शामिल हैं, जो जिला बदर हो चुका है। हाल ही में वह पिस्टल के साथ भी पकड़ा गया था। ऐसे लोगों के कारण वार्ड में डर और भय का माहौल है। आए दिन चोरी और अपराधों की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोग डरे हुए हैं।

जनसुनवाई में भी अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नहीं हो रही कोई सुनवाई

सुभाष वार्ड के लोगों ने बताया कि वे कई बार जनसुनवाई में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इन अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे रोड पर ही ईंट, गिट्टी और रेत डाल देते हैं, जिससे राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, जब भी कोई इनसे कुछ कहता है, तो ये लोग झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हैं। वार्ड के लोग अब कलेक्टर से न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि वार्ड में अमन-चैन लौट सके।

हाई टेंशन लाइन के नीचे घरों का निर्माण, बड़ी दुर्घटना की आशंका

बिजली कंपनी द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद, अतिक्रमणकारी हाई टेंशन लाइन के नीचे मकान बना रहे हैं। इस अवैध निर्माण से बिजली के तारों के टूटने का खतरा है, भविष्य में बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है। वार्ड के लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाया जाए, ताकि वे भयमुक्त जीवन जी सकें। इसके अलावा, अवैध ईंट भट्ठे से उठने वाले धुएं के कारण वार्ड का वातावरण भी खराब हो रहा है। लोगों का कहना है कि ईंट भट्ठे से निकलने वाला धुआं उनके घरों में घुसता है, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत होती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस अवैध भट्ठे को बंद करवाया जाए और इलाके को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिए थे अवैध ईट भट्टा बंद करने के निर्देश

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की टीम द्वारा हमलापुर डिपो सुभाष वार्ड, जिला बैतूल में स्थित एक ईंट भट्ठे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि बनवारी प्रजापति द्वारा रहवासी क्षेत्र के समीप लाल ईंटों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को वायु प्रदूषण के कारण आंखों में जलन और सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ईंट निर्माण के दौरान लकड़ी और कोयले का उपयोग किया जाता है, जिससे उत्पन्न धुआं वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है। शिकायतकर्ता और अन्य निवासियों की शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए, क्षेत्रीय अधिकारी के.एन. कटारे ने इस भट्ठे को तत्काल बंद करने और अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की अनुशंसा की है, ताकि शहरी वायु गुणवत्ता को संरक्षित रखा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button