भीमपुर में ट्रांसफार्मर घोटाले का आरोप, लाखों की वसूली के बाद भी हैंडओवर नहीं

आदिवासी किसानों की फसलें सूखने की कगार पर, 26 फरवरी को आंदोलन की चेतावनी

ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं, राजनीतिक दबाव का आरोप

बैतूल। भीमपुर क्षेत्र में आदिवासी किसानों से लाखों रुपये लेने के बाद भी ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग को हैंडओवर नहीं किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जयस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि लापरवाह ठेकेदार के विरुद्ध एमपी इलेक्ट्रिकल लाइसेंसिंग बोर्ड रेगुलेशंस 1960 के तहत कार्रवाई कर लाइसेंस रद्द या निलंबित किया जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि डिस्कॉम ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई कर सकती है, लेकिन कलेक्टर और महाप्रबंधक स्तर पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया, जिससे राजनीतिक दबाव की आशंका जताई जा रही है। विधायक महेंद्र सिंह चौहान पर भी अधिकारियों को फटकार न लगाने का आरोप लगाया गया है।

मुंगीलाल बारस्कर, पूर्व सरपंच खैरा पंचायत दामजीपुरा ने पूर्व में भी कलेक्टर को ज्ञापन देकर विद्युत ठेकेदार राजेन्द्र कौशल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन के अनुसार ग्राम खैरा, नहरपुर, बालु, विकासखंड भीमपुर के आदिवासी किसान कांसू तुमला बारस्कर, सुंदरलाल पिता साबूलाल, लाखाजी पिता बुद्ध बारस्कर सहित अन्य किसानों ने चार ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए राजेन्द्र कौशल को ठेका दिया। ट्रांसफार्मर हैंडओवर और विभागीय प्रक्रिया के नाम पर मांगी गई पूरी राशि किसानों ने अदा की, इसके बावजूद ट्रांसफार्मर विद्युत विभाग को हैंडओवर नहीं किए गए।

विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे गेहूं और चना की फसलें सूखने लगी हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में उल्लेख है कि विद्युत विभाग ने मोहदा थाने में एफआईआर दर्ज कराने हेतु पत्र जारी किया है, जिसकी छायाप्रति संलग्न की गई है।

जामवंत सिंह कुमरे, प्रदेश संयोजक जयस ने कहा कि कलेक्टर और अधिकारी आम जनता की नहीं सुनते, जनप्रतिनिधियों की सुनते हैं, लेकिन मीडिया में मामला आने के बाद भी विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने हस्तक्षेप नहीं किया। उन्होंने 26 फरवरी को भीमपुर में आंदोलन और जरूरत पड़ने पर धरने की चेतावनी दी। मप्र आदिवासी विकास परिषद अध्यक्ष मुन्नालाल वाड़िवा ने प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने पर उपभोक्ता फोरम में शिकायत कर खेती नुकसान का मुआवजा और खर्च वापसी मांगने की बात कही। सोनू धुर्वे, जिलाध्यक्ष जयस युवा प्रकोष्ठ ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों के फोन के बिना अधिकारियों द्वारा काम नहीं किया जाता।

ज्ञापन में भीमपुर तहसील में बिजली कटौती, कम ट्रांसफार्मर और सब स्टेशन की कमी से बढ़े लोड के कारण 12 घंटे पूर्ण बिजली आपूर्ति नहीं मिलने की समस्या भी उठाई गई है। साथ ही आदिवासियों के देवस्थान खंडराय चूनालोमा एवं वन खंड क्रमांक 1460 स्थित मुठवा देव स्थान ग्राम चोहटा पोपटी, भीमपुर के सामुदायिक वनाधिकार पत्र जारी नहीं किए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। किसानों ने ठेकेदार राजेन्द्र कौशल से तत्काल ट्रांसफार्मर हैंडओवर कराने और धोखाधड़ी पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button